लंदन से लिस्बन की इजीजेट उड़ान में सह-पायलट बेहोश हुआ, सुरक्षित उतारे गए यात्री
लंदन से पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन जा रही इजीजेट उड़ान में एक सह-पायलट के बेहोश होने से हड़कंप मच गया। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित उतार दिए गए। इंडिपेंडेंट के मुताबिक, घटना 27 जुलाई को उस समय घटी जब इजीजेट की उड़ान EZY2459 ने लंदन के ल्यूटन हवाई अड्डे से लिस्बन के लिए उड़ान भरी। इस दौरान सह-पायलट कॉकपिट में बेहोश हो गया। इसे देखते हुए तुरंत रेड अलर्ट जारी किया गया, जो दुर्लभ होता है।
विमान के उतरते ही पायलट को अस्पताल ले जाया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के उतरने से पहले चिकित्सा कर्मी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने पायलट को तुरंत सांता मारिया अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान जारी रेड अलर्ट से हड़कंप मच गया, लेकिन फिर भी 195 यात्रियों वाले विमान को सुरक्षित लिस्बन में उतारा गया। इस घटना के कारण लंदन जाने वाले यात्रियों को करीब 3 घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। इजीजेट एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया गया।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है, जब विमान में सह-पायलट अचानक बीमार हुआ हो। इससे पहले ब्रिटिश एयरवेज की न्यूकैसल से लंदन के बीच की उड़ान में पायलट बीमार हुआ था। घटना के समय विमान 30,000 फीट की ऊंचाई पर था। हालांकि, विमान उतरते ही पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया। वाणिज्यिक उड़ानों में किसी भी प्रकार की परिस्थिति से निपटने के लिए कॉकपिट में 2 पायलट होना आवश्यक हैं, वहीं रेड अलर्ट विमान के परिचालन में गड़बड़ी की सूचना देता है।