ब्रिटिश एयरवेज का विमान आयरलैंड के ऊपर 37,000 से अचानक 9,000 फीट तक गिरा, आपातकाल घोषित
क्या है खबर?
लंदन से अमेरिका के शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान ने सोमवार को अचानक हवा में आपातकाल की घोषणा कर दी, जिससे हड़कंप मच गया। यह घोषणा तब की गई, जब विमान आयरलैंड के ऊपर लगभग 37,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और अचानक 9,000 फीट तक नीचे गिर गया। घटना से विमान में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना ने कुछ दिन पहले दुबई-तेल अवीव की फ्लाईदुबई घटना की याद ताजा कर दी।
घटना
विमान को वापस लंदन मोड़ा गया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोइंग 777-200ER विमान सुबह लगभग 11:50 बजे हीथ्रो के टर्मिनल 5 से उड़ान भरी और लगभग 8 घंटे 40 मिनट की निर्धारित उड़ान पर शिकागो की ओर जा रहा था।
तभी विमान BA295 ने कथित तौर पर आयरलैंड के ऊपर से उड़ान भरते समय अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन ट्रांसपोंडर कोड 7700 का संकेत दिया था।
आपातकाल के बाद विमान को लंदन हीथ्रो की ओर वापस मोड़ दिया गया और शिकागो की यात्रा रद्द कर दी गई।
जांच
आपातकालीन कोड 7700 का क्या मतलब है?
आपातकालीन कोड 7700 ट्रांसपोंडर कोड एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त संकेत है।
इसका उपयोग पायलटों द्वारा हवाई यातायात नियंत्रकों को तब सूचित करने के लिए होता है, जब विमान किसी सामान्य आपात स्थिति का सामना कर रहा है।
जब कोई पायलट विमान के ट्रांसपोंडर में 7700 दर्ज करता है, तो यह कोड एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के रडार स्क्रीन पर दिखाई देता है, जिससे तुरंत संकेत मिलता है कि उड़ान को प्राथमिकता के आधार पर संचालन या अन्य सहायता चाहिए।
जानकारी
आपातकाल स्पष्ट नहीं
कोड में आपातकाल का सटीक उल्लेख नहीं होता है। समस्या में चिकित्सीय आपातकाल, तकनीकी खराबी, खराब मौसम या कोई अन्य ऐसी स्थिति शामिल हो सकती है जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता हो। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर चालक दल से संपर्क करके पता लगाते हैं।
घटना
कुछ दिन पहले फ्लाईदुबई के साथ भी हुआ था हादसा
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई उड़ान FZ1073 में 150 इजरायली समेत 174 यात्री सवार थे।
विमान जब 34,000 फीट की ऊंचाई पर था, तब कॉकपिट से चेतावनी कोड 7700 और तुरंत बाद आपातकालीन कोड 7500 भेजा गया, जो विमान के गैरकानूनी हस्तक्षेप से जुड़ा है।
इसके बाद इजरायल ने वायुसेना भेज दी। बाद में पता चला कि कॉकपिट के सह-पायलट ने विमान क्रैश की कोशिश की थी, जिसे कैप्टन स्मित ने नाकाम कर दिया। हालांकि, घायल हो गए।