वजन घटाने वाली दवाओं पर अमेरिका में मुकदमा, आंखों की बीमारी के खतरे का आरोप
क्या है खबर?
अमेरिका में वजन कम करने वाली कुछ लोकप्रिय दवाओं को लेकर कानूनी मामला सामने आया है। दर्जनों लोगों ने ओजेम्पिक, वेगोवी और मौंजारो जैसी GLP-1 दवाएं बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ मुकदमा किया है। शिकायत करने वालों का कहना है कि दवा लेने से आंखों की एक दुर्लभ बीमारी का खतरा हो सकता है, लेकिन उन्हें इसके बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। कंपनियों ने इन आरोपों का विरोध करते हुए मामलों को बेबुनियाद बताया है।
बीमारी
आंखों से जुड़ी कौन सी बीमारी है?
जिस बीमारी को लेकर मामला सामने आया है, उसका नाम NAION है।
इसमें आंख की नस तक खून की आपूर्ति कम होने से अचानक नजर कमजोर हो सकती है। डॉक्टरों के अनुसार यह समस्या आमतौर पर बिना दर्द के होती है और कुछ मामलों में नजर का नुकसान स्थायी हो सकता है।
यह बीमारी दुर्लभ मानी जाती है और इसका कोई खास इलाज अभी उपलब्ध नहीं है। मधुमेह वाले लोगों में इसके होने का खतरा अधिक हो सकता है।
रिसर्च
रिसर्च में क्या सामने आया?
GLP-1 दवाओं और NAION के बीच संभावित संबंध को लेकर 2024 से रिसर्च हो रही है।
इसके बाद सामने आई अलग-अलग स्टडी में एक जैसी तस्वीर नहीं मिली है। कुछ शोध में दोनों के बीच संभावित संबंध के संकेत मिले, जबकि कुछ शोध में ऐसा कोई संबंध नहीं पाया गया।
इसलिए वैज्ञानिक अभी यह नहीं कह सकते कि इन दवाओं के कारण NAION होता है। अमेरिकी दवा नियामक FDA भी इस संभावित सुरक्षा संकेत की समीक्षा कर रहा है।
सावधानी
मरीजों को क्या सावधानी रखनी चाहिए?
डॉक्टरों के अनुसार, GLP-1 दवा लेने वाले लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के अपनी दवा बंद नहीं करनी चाहिए।
अगर किसी व्यक्ति को अचानक बिना दर्द के नजर कम होने लगे, तो उसे तुरंत आंखों के डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। जिन लोगों को पहले किसी एक आंख में NAION हो चुका है, उन्हें डॉक्टर से संभावित खतरे पर बात करनी चाहिए।
कंपनियों का कहना है कि वे सुरक्षा और दवाओं से जुड़े नए आंकड़ों पर लगातार नजर रखती हैं।