लॉरेंस बिश्नोइ गिरोह समेत 3 आपराधिक संगठनों पर वैश्विक कार्रवाई, अमेरिका-कनाडा और यूरोप में 24 गिरफ्तारियां
क्या है खबर?
अमेरिका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने भारत स्थित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क को निशाने पर लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उसने अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 3 अपराधी संगठन से जुड़े करीब 24 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 11 कैलिफोर्निया में पकड़े गए हैं। एजेंसियों ने जिन 3 अपराध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है, उसमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, उसका प्रतिद्वंद्वी जगगु भगवानपुरिया और गैंगस्टर रविंदर सिंह ढांडा (रैंडी उर्फ रोलेक्स उर्फ जॉन विक) शामिल हैं।
अभियान
ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत चलाया गया अभियान
अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया के अटॉर्नी कार्यालय ने समन्वित प्रवर्तन कार्रवाई की घोषणा की, जिसे 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' नाम दिया गया। कार्रवाई हाल के वर्षों में हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, जबरन वसूली और सीमा पार हिंसा के आरोपी आपराधिक गिरोहों पर की गई सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है। यह अभियान अमेरिकी, कनाडाई और यूरोपीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा वर्षों से की गई जांच के बाद शुरू किया गया है।
आरोप
कुल 37 पर लगाए गए आरोप, अभियान में ये बरामद
एजेंसियों ने 37 आरोपियों पर आरोप लगाए हैं, जिसमें बिश्नोई समेत 2 भारत की जेल से वैश्विक आपराधिक गिरोह चला रहे हैं। एजेंसियों ने कैलिफोर्निया में 11, इंडियाना और जॉर्जिया में 1-1, कनाडा में 3, स्पेन में एक को गिरफ्तार किया, जबकि 7 पहले से हिरासत में हैं। एजेंसियां 10 भगोड़ों को तलाश रही है, जिसमें 7 अमेरिका में, 2 भारत में और एक यूरोप में है। अभियान में 1,000 किलोग्राम कोकीन, 40,000 डॉलर नकद, 12 हथियार जब्त हुए हैं।
आतंकी
कनाडा सरकार ने 2025 में बिश्नोई को घोषित किया आतंकवादी
लॉरेंस बिश्नोई (33) पर सार्वजनिक तौर पर खुद को देशभक्त-राष्ट्रवादी और धार्मिक व्यक्ति बताने और इसकी मदद से सहयोगियों की भर्ती करने का आरोप है। आरोप है कि बिश्नोई जेल में तस्करी के अवैध सेलफोन और अन्य वॉयस-ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल उपकरणों से हत्याओं, गोलीबारी, वसूली, अपहरण, ड्रग तस्करी, मानव तस्करी को निर्देशित करता है। बिश्नोई संगठन को सितंबर 2025 में कनाडाई सरकार ने आतंकवादी संगठन बताया है। उसने काम गोल्डी बरार, रोहित गोदारा और सुखराज सिंह कांग को सौंपा है।
आरोप
भगवानपुरिया पर क्या है आरोप?
जगगु भगवानपुरिया (38) भारत की जेल में बंद है। वह पहले बिश्नोई का सहयोगी था, जो अब प्रतिद्वंद्वी है। आरोप है कि उसका अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में फैला है और हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, अपहरण, जबरन वसूली, हथियारों की तस्करी और अन्य अपराधों में लिप्त है। उसके समूह में 1,000 लोग हैं, जिसमें 100 लोग अमेरिका में हैं।
आरोप
ढांडा पर क्या है आरोप?
कनाडा के वैंकूवर निवासी ढांडा (57) और उसके सहयोगियों पर अमेरिका से कनाडा में हर हफ्ते सैकड़ों किलोग्राम कोकीन और मेथम्फेटामाइन का परिवहन, तस्करी और वितरण करने का आऱोप है। उसका समूह कोकीन और मेथम्फेटामाइन को लॉस एंजिल्स, वेस्ट कोविना, ओंटारियो, फोंटाना और पेर्रिस सहित ग्रेटर लॉस एंजिल्स क्षेत्र से लंबी दूरी के सेमी-ट्रकों में छिपाकर अमेरिका-कनाडा सीमा तक ले जाता था। उस पर जुलाई 2023 से नवंबर 2024 के बीच 430.1 किलोग्राम कोकीन खेप भेजने का आरोप है।
ट्विटर पोस्ट
अमेरिका की कार्रवाई
As part of Operation "Hard Ball," the FBI and our law enforcement partners throughout California, other U.S. cities and in Canada, India and Europe collaborated to execute dozens of search and arrest warrants targeting 37 members of violent transnational organizations who are… pic.twitter.com/WXIOk6vALU
— FBI Los Angeles (@FBILosAngeles) July 7, 2026