केपी शर्मा ओली होंगे नेपाल के अगले प्रधानमंत्री, तीसरी बार लेंगे शपथ
क्या है खबर?
नेपाल को नया प्रधानमंत्री मिलने जा रहा है। राष्ट्रपति ने कम्युनिस्ट पार्टी-एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी (CPN-UML) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली को अगला प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से इसकी आधिकारिक सूचना जारी की गई है। कल यानी 15 जुलाई को सुबह 11 बजे ओली प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
बता दें कि ओली इससे पहले अक्तूबर 2015 से अगस्त 2016 तक और फरवरी 2018 से जुलाई 2021 तक नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।
गठबंधन
गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे ओली
ओली नेपाली कांग्रेस (NC) के सहयोग से गठबंधन सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति के समक्ष 167 सदस्यों का समर्थन होने का दावा पेश किया है।
इनमें से 78 उनकी पार्टी के, जबकि 89 NC के सदस्य हैं।
नेपाल में सरकार बनाने के लिए 138 वोट जरूरी हैं और ओली के पास 167 सांसदों का समर्थन है। 72 साल के ओली पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड की जगह लेंगे।
विश्वास मत
विश्वास मत हार गए थे प्रचंड
नेपाल में पहले ओली के समर्थन से प्रचंड की सरकार थी, लेकिन हाल ही में ओली ने सरकार से समर्थन वापस ले लिया था।
इसके बाद प्रचंड की सरकार अल्पमत में आ गई थी। 12 जुलाई को प्रचंड संसद में विश्वास मत हार गए थे, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
प्रचंड को 275 में से सिर्फ 63 सांसदों का साथ मिला था, जबकि 194 सांसदों ने उनके खिलाफ वोट किया था।
परिचय
कौन हैं ओली?
ओली का जन्म 1952 में पूर्वी नेपाल में हुआ था। बचपन में ही मां का निधन होने के बाद उनकी परवरिश दादी ने की।
पढ़ाई अधूरी छोड़ वे मात्र 12 साल की उम्र में राजनीति में आ गए। जमींदारों और किसानों के बीच हुए झापा संघर्ष में भी ओली ने हिस्सा लिया था।
साल 2006 से 2007 तक वह प्रधानमंत्री जीपी कोइराला के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में उपप्रधान मंत्री और विदेश मंत्री भी रहे थे।
समर्थक
चीन समर्थक माने जाते हैं ओली
ओली को खुले तौर पर चीन का समर्थक माना जाता है। बतौर प्रधानमंत्री ओली ने भारत सरकार के प्रति कड़ा रुख अपनाया है।
नेपाल में 2015 में नया संविधान लागू हुआ, इसके खिलाफ वहां उग्र प्रदर्शन हुआ था। ओली ने इस विरोध के पीछे भारत का हाथ बताया।
उन्होंने चीन के साथ संबंधों को भी मजबूत किया और नेपाल के नक्शे में भारतीय विवादित क्षेत्रों को शामिल कर संबंधों में तनाव पैदा करने की कोशिश की।