Page Loader
अमेरिका: कमला हैरिस ने स्वीकार किया राष्ट्रपति पद का नामांकन, दिया ये संदेश
कमला हैरिस ने अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन स्वीकार किया

अमेरिका: कमला हैरिस ने स्वीकार किया राष्ट्रपति पद का नामांकन, दिया ये संदेश

लेखन गजेंद्र
Aug 23, 2024
09:29 am

क्या है खबर?

अमेरिका की मौजूदा उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने औपचारिक रूप से डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन को स्वीकार कर लिया है। हैरिस रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप से लड़ेंगी। हैरिस ने शिकागो के यूनाइटेड सेंटर में चल रहे 4 दिवसीय डेमोक्रेटिक नेशनल कॉन्फ्रेंस (DNC) के अंतिम दिन इसे स्वीकार करते हुए अमेरिका के लोगों को संदेश दिया। हैरिस अगर चुनाव में जीतती हैं तो अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी।

चुनाव

अमेरिका के लोगों से क्या बोलीं हैरिस?

हैरिस ने कहा, "हर अमेरिकी की ओर से, चाहे वह किसी भी पार्टी, जाति, लिंग या आपकी दादी जिस भी भाषा में बोलती हों, उन सभी की ओर से जिनकी कहानी केवल पृथ्वी पर सबसे महान राष्ट्र में ही लिखी जा सकती है, मैं अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए आपके नामांकन को स्वीकार करती हूं।" उन्होंने कहा, "चुनाव के साथ देश के पास अतीत की कड़वाहट, निराशावाद और विभाजनकारी लड़ाइयों से आगे बढ़ने का बहुमूल्य और छोटा अवसर है।"

भाषण

हैरिस ने ट्रंप को निशाने पर लिया

हैरिस ने अपने प्रतिद्वंद्वि ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा, "कल्पना कीजिए कि ट्रंप बिना किसी सुरक्षा घेरे के कैसे होंगे। वह राष्ट्रपति पद की असीम शक्तियों का उपयोग आपके जीवन को बेहतर बनाने के लिए नहीं, बल्कि अपने एकमात्र ग्राहक (खुद) की सेवा के लिए करेंगे।" हैरिस ने कहा, "कई मायनों में ट्रंप एक अगंभीर व्यक्ति हैं और उनको व्हाइट हाउस में वापस लाना गंभीर परिणाम होगा। ट्रंप ने चुनाव हारने के बाद कैपिटोल पर हथियारबंद भीड़ भेजी थी।"

जानकारी

बाइडन के दौड़ से हटने के बाद हैरिस आई हैं आगे

डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से पहले 81 वर्षीय जो बाइडन उम्मीदवार थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से पीछे हटने के बाद 59 वर्षीय हैरिस उम्मीदवार के रूप में सामने आईं। हैरिस भारतीय मूल की हैं। उनको पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी समर्थन दिया है।