Page Loader
जापान एयरलाइंस का बोइंग 737 अचानक 26,000 फीट नीचे आया, यात्रियों ने लिखा आखिरी संदेश
जापान एयरलाइंस का विमान अचानक 26,000 फीट नीचे आया

जापान एयरलाइंस का बोइंग 737 अचानक 26,000 फीट नीचे आया, यात्रियों ने लिखा आखिरी संदेश

लेखन गजेंद्र
Jul 02, 2025
01:59 pm

क्या है खबर?

चीन के शंघाई से जापान के टोक्यो जा रही जापान एयरलाइंस (JAL) की उड़ान JL-8696 एक बड़े तकनीकी समस्या में फंस गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा। बोइंग 737 विमान अचानक हवा में उड़ते-उड़ते 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे आ गया, जिससे विमान के अंदर बैठे यात्रियों के लिए अचानक ऑक्सीजन मास्क खुल गए। घटना से यात्री इतना डर गए कि उन्होंने अपने परिजनों को आखिरी संदेश भेजना शुरू कर दिया। विमान में 191 यात्री सवार थे।

घटना

36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था विमान

विमानन वेबसाइट के मुताबिक, 30 जून को स्प्रिंग एयरलाइंस की फ्लाइट को केबिन में अचानक दबाव कम होने की चेतावनी मिली, जिसके बाद ऑक्सीजन मॉस्क गिर गए। उस दौरान विमान 36,000 फीट से 10 मिनट में 10,500 फीट पर गया। तब विमान जापान के ऊपर था। चालक दल ने आपातकाल घोषित किया और विमान कंसाई की ओर मोड़कर यात्रियों को सुरक्षित उतारा। विमान और चालक दल स्प्रिंग एयरलाइंस जापान के थे, जो JAL से संबद्ध कम लागत वाली एयरलाइन है।

जांच

एयरलाइन ने मुआवजे की घोषणा की

विमान में बैठे यात्रियों ने तुरंत खतरे की आशंका को भांपते हुए अपने प्रियजनों को बैंक के पिन, बीमा की जानकारी और आखिरी संदेश भेजना शुरू कर दिया। हालांकि, पायलट ने किसी तरह विमान को सुरक्षित उतार दिया और यात्रियों को एक घंटे तक विमान के अंदर ही रहने को कहा गया। जापान सरकार ने तकनीकी समस्या को इसका कारण बताया है, वहीं एयरलाइन ने परेशानी होने के कारण यात्रियों को 10,000 रुपये मुआवजे की घोषणा की है।

घटना

14 जून को एयर इंडिया के साथ हुई थी यही घटना

गुरुवार 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 एयर इंडिया AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के मात्र 2 दिन बाद 14 जून को जापान एयरलाइंस जैसा हादसा हुआ था। तब दिल्ली से वियना जा रहा एयर इंडिया का AI-187 उड़ान अचानक हवा में 900 फीट नीचे आ गया था, जिससे यात्रियों की सांसे थम गई थी। मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच के आदेश दिए हैं और पायलट को विमान उड़ाने से रोक दिया है।

ट्विटर पोस्ट

घटना के दौरान विमान के अंदर का दृश्य