Page Loader
इटली: रोम के कैफे में गोलीबारी, प्रधानमंत्री की दोस्त समेत तीन महिलाओं की मौत
इटली: गोलीबारी में प्रधानमंत्री की दोस्त समेत तीन महिलाओं की मौत

इटली: रोम के कैफे में गोलीबारी, प्रधानमंत्री की दोस्त समेत तीन महिलाओं की मौत

Dec 12, 2022
01:35 pm

क्या है खबर?

इटली की राजधानी रोम के एक कैफे में हुई गोलीबारी में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। मरने वाली महिलाओं में से एक इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की दोस्त हैं। रोम के मेयर रॉबर्टो गलटियेरी ने गोलीबारी की इस घटना को 'हिंसा की गंभीर घटना' करार दिया है। सोमवार को इसे लेकर आपात बैठक बुलाई गई है, जिसमें मेयर भी हिस्सा लेंगे। आइये पूरी खबर जानते हैं।

जानकारी

गोलीबारी करने वाले हमलावर को किया गया गिरफ्तार

कैफे के अंदर बैठे लोग स्थानीय इलाके की समिति के सदस्य थे। इन पर गोलीबारी करने के आरोप में एक 57 वर्षीय हमलावर को हिरासत में लिया गया है। उसके समिति के कुछ सदस्यों के साथ पहले विवाद रहे हैं। गोलीबारी की घटना के समय कैफे में मौजूद एक महिला ने बताया कि हमलावर "मैं तुम सबको मार दूंगा" कहते हुए अंदर घुसा और पिस्तौल निकालकर गोलियां चलाने लगा। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने उसे काबू किया।

जानकारी

एक घायल की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अभी तक इस हमले की पीछे के मकसद का पता नहीं लगा पाई है। हालांकि, स्थानीय मीडिया में खबरें छपी हैं कि हमलावर का पिछले कुछ समय से समिति के सदस्यों के साथ बड़ा विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि रोम के कैफे में हुई इस गोलीबारी में दो महिलाएं और दो पुरुष घायल हुए थे। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी

मृतक महिलाओं में प्रधानमंत्री की दोस्त शामिल

मृतक महिलाओं की पहचान निकोलेटा गोलिसेनो, एलिसाबेट्टा सिलेंजी और सेबिना स्पेरेंडियो के तौर पर हुई है। गोलिसेनो इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी की दोस्त थीं। मेलोनी ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर गोलिसेनो के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि वो गोलिसेनो को हमेशा सुंदर और खुश रहने के लिए याद करेंगी। निकोलेटा एक प्रोटेक्टिव मां, ईमानदार और समझदार दोस्त और एक मजबूत महिला था। इन सबसे ऊपर वह एक शानदार प्रोफेशनल महिला और मेरी दोस्त थी।

जानकारी

हमलावर ने शूटिंग रेंज से चुराया था पिस्तौल

मेलोनी ने बताया कि हमलावर ने जिस शूटिंग रेंज से पिस्तौल चुराया, उसे बंद कर दिया गया है और इसकी जांच की जा रही है। गोलीबारी के बाद फॉरेंसिक टीम ने कैफे पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं मेलोनी

दक्षिणपंथी ब्रदर्स ऑफ इटली पार्टी की नेता जॉर्जिया मेलोनी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं। उनका जन्म 15 जनवरी, 1977 को रोम में हुआ था। छात्र आंदोलन से राजनीति की शुरुआत करने वालीं मेलोनी चार साल तक रोम की काउंसलर रही थीं। 2012 में उन्होंने ब्रदर्स ऑफ इटली पार्टी बनाई और दो साल बाद इसकी प्रमुख बनीं। उन पर तानाशाह मुसोलिनी का प्रशंसक और मुस्लिम विरोधी होने का आरोप लगता रहा है।