Page Loader
जेरूसलम: फिलिस्तीनी किशोर ने इजरायली महिला पुलिस अधिकारी की चाकू मारकर हत्या की
इजरायल में महिला पुलिस अधिकारी की फिलिस्तीनी किशोर ने चाकू मारकर हत्या की (तस्वीर: एक्स/@TPrincato)

जेरूसलम: फिलिस्तीनी किशोर ने इजरायली महिला पुलिस अधिकारी की चाकू मारकर हत्या की

लेखन गजेंद्र
Nov 08, 2023
03:55 pm

क्या है खबर?

इजरायल-हमास युद्ध के बीच जेरूसलम में 16 वर्षीय फिलिस्तीनी किशोर ने एक 20 वर्षीय महिला पुलिस अधिकारी की चाकू मारकर हत्या कर दी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका की एलिशेवा रोज इडा लुबिन जेरूसलम के पुराने शहर में गश्त कर रही थीं, तभी उनको निशाना बनाकर हमला किया गया। हमले में एलिशेवा बुरी तरह घायल हुई थीं। हमले में एक अन्य पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ है।

हमला

हमलावर किशोर गोलीबारी में मारा गया

चाकू मारने के बाद हमलावर किशोर को पुलिस ने गोलीबारी में वहीं ढेर कर दिया। किशोर के संबंध में अभी और जानकारी सामने नहीं आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने हमलावर किशोर के इलाके में छानबीन की थी। इस दौरान उनके ऊपर पत्थरों से हमला किया गया। बता दें कि हमास के हमले के बाद से जेरूसलम और वेस्ट बैंक में इजरायल का तलाशी अभियान जारी है। इसी के तहत पुलिस ने पिछले दिनों 28 लोगों को गिरफ्तार किया।

जांच

अमेरिका के जॉर्जिया की रहने वाली थीं एलिशेवा

अटलांटा ज्यूइश टाइम्स के अनुसार, एलिशेवा अमेरिका के जॉर्जिया की राजधानी अटलांटा के उत्तरी उपनगर डुनवुडी की रहने वाली थीं और 2021 में अमेरिका से इजरायल आकर बसी थीं। 2022 में वह इजराइल सीमा पुलिस में शामिल हो गईं और बिना परिवार के रहने के कारण 'अकेली सैनिक' करार दी गई थीं। बता दें कि इजरायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध को एक महीना हो गया है और अब तक करीब 11,000 लोगों की मौत हो चुकी है।