गाजा में इजरायली सेना की गोलाबारी, सहायता कर्मी और बच्चे समेत 7 लोगों की मौत
क्या है खबर?
इजरायल का गाजा पट्टी पर हमला जारी है। इजरायली बलों ने मंगलवार को कई इलाकों में हवाई हमला किया है, जिसमें 7 लोग मारे गए हैं। गाजा पट्टी के स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि मृतकों में एक आतंकी, एक मिस्र का सहायता कर्मी और एक बच्चा शामिल है। इजरायल रक्षा बलों ने रॉयटर्स को बताया कि उन्होंने हमलों के दौरान हमास के एक आतंकवादी को निशाना बनाया था।
हमला
इजरायल ने कहां-कहां किया हमला?
टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, इजरायली बलों ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस के मवासी इलाके में हवाई हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 बच्चे घायल हो गए। इसके अलावा, पश्चिमी हिस्से में विस्थापित परिवारों के शिविर के पास दूसरा हवाई हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए। खान यूनिस में तीसरे हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए।
हमला
तेल अल-हवा इलाके में वाहन में मारे गए बच्चे समेत 3 लोग
इन 3 हमलों के बाद गाजा के दक्षिण में राफा के एक इलाके में इजरायली गोलीबारी में एक फिलिस्तीनी मारा गया और 9 लोग घायल हुए हैं। इसी बीच, गाजा शहर के तेल अल-हवा इलाके में एक वाहन को हवाई हमले में निशाना बनाया, जिसमें एक बच्चे सहित 3 लोगों की मौत हो गई। हमास से संबद्ध गाजा मीडिया आउटलेट्स ने बताया कि मिस्र कमेटी फॉर एड टू गाजा के जनसंपर्क निदेशक मोहम्मद अल-वाहिदी की हमले में मौत हुई है।
आतंकी
आतंकियों के मारे जाने का दावा
इजरायली हमलों में आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इजरायल के खिलाफ हमले करने वाले आतंकवादी समूह पॉपुलर रेजिस्टेंस कमेटियों ने कहा कि खान यूनिस हमले में आतंकवादी नेता वहीद अबू सलेम की मौत हुई है। इजरायली बलों ने बताया कि गाजा पट्टी में हमास नुखबा फोर्स के कमांडर और खुफिया विभाग के कमांडर को मार गिराया है। रविवार को नुखबा फोर्स के कमांडर अहमद याह्या इब्राहिम बात्श और सोमवार को खुफिया कमांडर हमौदा अबू दाका मारे गए थे।