इजरायल ने लेबनान के ऐतिहासिक किले पर कब्जा किया, 26 साल में सबसे बड़ी घुसपैठ
क्या है खबर?
इजरायल की सेना ने लेबनान में 900 साल पुराने ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा कर लिया है। ये बीते 26 साल में लेबनान के अंदर इजरायल की सबसे बड़ी घुसपैठ है। इजरायली सेना की ओर से जारी तस्वीरों और वीडियो में किले पर इजरायली झंडे लहराते दिखाई दिए हैं। इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि सेना ने कई दिनों तक चली भीषण लड़ाई और हवाई हमलों के बाद यह कामयाबी हासिल की है।
बयान
नेतन्याहू बोले- ये बहुत बड़ा कदम
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने इजरायली सेना को लेबनान में अपना अभियान बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, "ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा एक बहुत बड़ा कदम है, और जिस नीति का हम नेतृत्व कर रहे हैं, उसमें यह एक बड़ा बदलाव है। हम नई पहल कर रहे हैं, हम सभी मोर्चों पर सक्रिय हैं- सीरिया, गाजा और लेबनान में; हमने अपने समुदायों की सुरक्षा के लिए अपनी सीमाओं के पार सुरक्षा घेरे स्थापित किए हैं।"
किला
ब्यूफोर्ट किले के बारे में जानिए
ब्यूफोर्ट किला दक्षिणी लेबनान में 700 मीटर ऊंची पहाड़ी पर बना है। इसी वजह से इसका रणनीतिक महत्व भी है। इसका निर्माण 12वीं सदी में क्रूसेडर्स ने किया था। 1190 में मुस्लिम शासक सलाउद्दीन अय्यूबी ने इस पर कब्जा कर लिया था। 1982 में इजरायल के लेबनान पर हमले के दौरान भी इजरायल ने इस किले पर कब्जा कर लिया था। साल 2000 में इजराइल के लेबनान से हटने के बाद किला फिर लेबनान के नियंत्रण में आ गया।