LOADING...
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- इजरायल और लेबनान 10 दिन के युद्धविराम पर सहमत हुए
इजरायल और लेबनान में 10 दिन का युद्धविराम होने जा रहा है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- इजरायल और लेबनान 10 दिन के युद्धविराम पर सहमत हुए

लेखन आबिद खान
Apr 16, 2026
09:47 pm

क्या है खबर?

इजरायल और लेबनान में 10 दिन का युद्धविराम हो गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसका ऐलान किया है। यह युद्धविराम भारतीय समयानुसार शुक्रवार की रात 2:30 बजे से शुरू होगा। ट्रंप ने कहा, 'अभी-अभी मेरी लेबनान के अत्यंत सम्मानित राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजरायल के प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि वे 10 दिनों के युद्धविराम की शुरुआत करेंगे।

बयान

ट्रंप बोले- मेरा युद्ध खत्म करवाने का यह 10वां प्रयास

ट्रंप ने कहा, 'मंगलवार को 34 सालों में पहली बार इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने वॉशिंगटन में विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ मुलाकात की थी। मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री रूबियो को जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन रेजिन केन के साथ मिलकर इजरायल-लेबनान के साथ काम करते हुए स्थायी शांति स्थापित करने का निर्देश दिया है। दुनिया में 9 युद्धों को सुलझाना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। यह मेरा 10वां प्रयास होगा।'

युद्ध

लेबनान में 2,167 लोगों की मौत

ईरान युद्ध के दौरान ही इजरायल ने लेबनान पर भी हमला शुरू किया था, जिसमें लेबनान के सीमाई इलाकों और राजधानी बेरूत को भारी नुकसान पहुंचा है। लेबनान में अब तक 2,167 लोगों की मौत हो गई है और 7,000 से ज्यादा लोग घायल हुई हैं। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है। ईरान और अमेरिका के बीच समझौते में भी लेबनान का मुद्दा एक बड़ा गतिरोध रहा है।

Advertisement