इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ देशद्रोह के आरोप में आपराधिक जांच शुरू करने की मांग
क्या है खबर?
इजरायल में मंगलवार को होने वाले चुनाव के बीच सोमवार को यिसराइल बेयतेनु के चेयरमैन एविगडोर लिबरमैन ने अटॉर्नी-जनरल गली बहाराव-मियारा को एक पत्र लिखा है। उन्होंने अटॉर्नी जनरल से प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ देशद्रोह के शक में आपराधिक जांच शुरू करने की मांग की है। लिबरमैन ने लिखा कि चुनावों के ठीक पहले बेंजामिन इजरायल को युद्ध में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं, जो देशद्रोह के समान है।
पत्र
लिबरमैन ने पत्र में क्या कहा?
लिबरमैन ने एक्स पर पत्र साझा कर लिखा, 'आज सुबह, मैंने अटॉर्नी जनरल से अपील की कि नेतन्याहू के खिलाफ देशद्रोह के आरोप में आपराधिक जांच शुरू की जाए। एक महीने में, नेतन्याहू सुरक्षा प्रतिष्ठान के प्रमुखों पर ऐसे कदम उठाने का दबाव डाल रहे हैं, जिससे ईरान को लेकर कोई गलत आकलन हो सकता है। चुनावों के ठीक पहले इजरायल को युद्ध में धकेलने की कोशिश, और हारने के डर से सैनिकों की बलि देना देशद्रोह के समान है।'
तनाव
IDF से जुड़ी खबर के सामने आने पर विवाद
नेतन्याहू के खिलाफ लिबरमैन का पत्र तब सामने आया, जब स्थानीय N12 मीडिया ने दावा किया कि नेतन्याहू और इजरायली रक्षा बल (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट-जनरल इयाल जमीर के बीच झगड़ा हुआ है।
बताया जा रहा है कि जमीर ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने के सुझाव को मानने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद से नेतन्याहू पर आरोप लग रहे हैं कि वह चुनाव के बीच जानबूझकर IDF को खतरे में डाल रहे हैं।
खंडन
रक्षा मंत्री ने ऐसी रिपोर्ट का खंडन किया
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि ईरान के मुद्दे पर राजनीतिक नेतृत्व और IDF के बीच मतभेदों की खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठी हैं।
उन्होंने लिखा कि रक्षा मंत्री का पद संभालने के बाद से, ईरान के मुद्दे पर प्रधानमंत्री, मेरे और IDF के बीच पूरा तालमेल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावों से पहले ईरान पर हमले का कोई इरादा नहीं है।