इजरायली सेना का दावा- हवाई हमले में हिज्बुल्लाह प्रमुख नईम कासिम के भतीजे की मौत
क्या है खबर?
इजरायल की सेना ने दावा किया है कि उसने बेरूत पर रात भर किए हमले में ईरान समर्थित लेबनानी समूह हिज़्बुल्लाह के नेता नईम कासिम के भतीजे को मार गिराया है। भतीजे का नाम अली यूसुफ हर्षी है, जो बेरूत में कासिम के निजी सचिव और करीबी सहयोगी के तौर पर तैनात था। हर्षी ने कासिम के दफ़्तर को संभालने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई थी।
हमला
अल जजीरा के पत्रकार को मारा, बताया हमास आतंकवादी
इजरायली सेना ने अल जजीरा के पत्रकार के रूप में तैनात मुहम्मद समीर मुहम्मद वाशाह को मार गिराने का दावा किया है, जिसे उसने हमास का आतंकवादी बताया है। सेना का आरोप है कि वाशाह, हमास के रॉकेट और हथियार बनाने वाले मुख्यालय का एक अहम आतंकवादी था और गाज़ा के रास्ते हथियारों के उत्पादन और उनकी तस्करी में भी शामिल था। अभी तक अल जजीरा की ओर से इस पर कोई जवाब नहीं आया है।
हमला
हिज्बुल्लाह को हथियार पहुंचाने वाले रास्ते पर हमला
इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने एक अहम रास्ते पर हमला कर हिज्बुल्लाह की कमर तोड़ दी है। सेना ने बताया कि उसने 2 रास्तों पर हमला किया है, जिसका इस्तेमाल हिज्बुल्लाह लिटानी नदी के दक्षिण में हथियार पहुंचाने के लिए कर रहा था। साथ ही, दक्षिणी लेबनान में हथियारों के लगभग 10 गोदामों, लॉन्चरों और कमांड सेंटरों को भी निशाना बनाया गया है, जिससे हिज्बुल्लाह को बड़ा नुकसान होने की अंदेशा है।