इस्लाम 2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म होगा, हिंदुओं की आबादी घटेगी या बढ़ेगी?
क्या है खबर?
दुनिया की आबादी और धर्मों के बदलते नक्शे को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है। जाने-माने रिसर्च संस्थान 'प्यू रिसर्च सेंटर' ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि साल 2035 तक इस्लाम ईसाई धर्म को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों धर्मों की जनसंख्या में वृद्धि हो रही है, लेकिन मुसलमानों की संख्या में वृद्धि की दर ईसाई धर्म की तुलना में ज्यादा है।
मुस्लिम आबादी
2035 तक दुनिया में 2.57 अरब मुस्लिम होंगे
रिपोर्ट के मुताबिक, 2010 के मुकाबले 2050 तक मुस्लिम आबादी करीब 73 प्रतिशत बढ़ सकती है। इस हिसाब से मुसलमानों की आबादी 1.6 अरब से बढ़कर लगभग 2.76 अरब हो जाएगी।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि फिलहाल दुनिया में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम हैं।
अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब हो जाएगी।
पाकिस्तान
2070 तक पाकिस्तान में होंगे सबसे ज्यादा मुस्लिम, हिंदू भी बढ़ेंगे
फिलहाल इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश है। हालांकि, प्यू के अनुमान कहते हैं कि साल 2070 तक पाकिस्तान इस मामले में शीर्ष पर आ जाएगा।
मुस्लिमों की आबादी के लिहाज से दूसरे नंबर पर भारत, तीसरे नंबर पर नाइजीरिया और इंडोनेशिया चौथे नंबर पर खिसक जाएगा।
पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। वहां हिंदुओं की संख्या 2020 के मुकाबले दोगुनी होकर 2070 तक एक करोड़ पहुंच सकती है।
हिंदू आबादी
एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे ज्यादा बढ़ेगी हिंदू आबादी
अनुमान के मुताबिक, अगले 5 दशक में वैश्विक हिंदू आबादी में होने वाली ज्यादातर बढ़ोतरी एशिया प्रशांत क्षेत्र में होगी, क्योंकि यहां दुनिया के करीब 99 प्रतिशत हिंदू रहते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच इस क्षेत्र में हिंदुओं की संख्या करीब 19.1 करोड़ बढ़ सकती है। इस क्षेत्र की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी जहां 2020 में 26 प्रतिशत थी, वहीं 2070 तक यह आंकड़ा बढ़कर 28 प्रतिशत हो सकता है।
अमेरिका
अमेरिका में दोगुनी हो जाएगी हिंदू आबादी
अनुमान के मुताबिक, अमेरिका में भी हिंदुओं की आबादी दोगुने से ज्यादा हो सकती है।
2020 में यहां करीब 40 लाख हिंदू थे, जिनकी संख्या 2070 तक बढ़कर 90 लाख हो सकती है। इस क्षेत्र की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 1 प्रतिशत से बढ़कर 2 प्रतिशत होने का अनुमान है।
वहीं, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका और कैरेबियन ऐसे क्षेत्र होंगे, जहां हिंदुओं की संख्या में गिरावट आने की संभावना है।
बड़े संकेत
रिपोर्ट के बडे़ अनुमान
अगले 40 सालों में अमेरिका में ईसाई धर्म बहुमत में नहीं रहेगा।
2070 तक कांगो अमेरिका को पीछे छोड़कर सबसे बड़ी ईसाई आबादी वाला देश बन जाएगा।
2030 तक कनाडा में ईसाई आबादी की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से कम होने की आशंका है।
वैश्विक जनसंख्या में 2020 से 2070 के बीच 29 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।
बौद्ध धर्म की हिस्सेदारी पूर्ण संख्या और विश्व की आबादी के अनुपात दोनों में कम हो सकती है।