LOADING...
पाकिस्तान में ईरानी प्रतिनिधिमंडल को था खतरा; लौटते हुए विमान बदला, ट्रेन-बस का किया इस्तेमाल
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के साथ ईरान का प्रतिनिधिमंडल (फाइल तस्वीर)

पाकिस्तान में ईरानी प्रतिनिधिमंडल को था खतरा; लौटते हुए विमान बदला, ट्रेन-बस का किया इस्तेमाल

लेखन आबिद खान
Apr 15, 2026
11:19 am

क्या है खबर?

अमेरिका से वार्ता नाकाम होने के बाद पाकिस्तान से लौट रहे ईरान के प्रतिनिधिमंडल को जान का खतरा था। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य प्रोफेसर मोहम्मद मरंडी ने खुलासा किया है कि वार्ता के बाद जब वे लौट रहे थे, तो उन पर हत्या का साया मंडरा रहा था। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का मानना था कि उनके विमान को मिसाइल से निशाना बनाया जा सकता है, जिसके चलते सुरक्षा रणनीति बदलनी पड़ी।

बातचीत

विमान छोड़कर बस-ट्रेन के रास्ते तेहरान गया प्रतिनिधिमंडल

लेबनान के समाचार चैनल अल मयदीन से बात करते हुए प्रोफेसर मरंडी ने बताया कि इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ हुई बातचीत के दौरान सुरक्षा का खतरा इतना बढ़ गया था कि प्रतिनिधिमंडल को अपनी सुरक्षा रणनीति पूरी तरह गोपनीय रखनी पड़ी। उन्होंने बताया कि ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ समेत पूरे प्रतिनिधिमंडल ने बीच रास्ते में ही अपना विमान बदला और तेहरान पहुंचने के लिए बस और ट्रेन का रास्ता अपनाया।

बयान

तेहरान के बजाय मशहद में उतरा विमान

प्रोफेसर मरंडी ने कहा, "वापसी के दौरान हम सीधे तेहरान के लिए रवाना नहीं हुए। उस समय हम सबको लग रहा था कि इसकी पूरी संभावना है कि 'वे' हमारे विमान को मार गिराएंगे या मिसाइल दाग देंगे।" उन्होंने कहा, "इसी जानलेवा खतरे को देखते हुए ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने अपनी रणनीति बदली और बेहद गुप्त तरीके से एक दूसरे विमान में सवार हुए। विमान का अचानक रास्ता बदला गया और उसे तेहरान के बजाय मशहद में लैंड कराया गया।"

Advertisement

तेहरान

मशहद से बस और ट्रेन से तेहरान गए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य

मरंडी ने बताया कि मशहद में सुरक्षित लैंडिंग के बाद भी ईरानी अधिकारियों ने हवाई मार्ग का इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं समझा। मरंडी ने बताया कि मशहद पहुंचने के बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अलग-अलग गुटों में बंट गए। फिर कोई ट्रेन, कोई कार तो कोई बस के जरिए सड़क मार्ग से होते हुए तेहरान पहुंचा। यह कवायद इसलिए की गई कि अगर किसी एक मार्ग पर हमला हो तो पूरी टीम सुरक्षित रहे।

Advertisement

वार्ता

इस्लामाबाद वार्ता में नहीं बन सकी युद्धविराम पर सहमति

ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में 21 घंटे तक वार्ता हुई थी। हालांकि, युद्धविराम पर कोई सहमति नहीं बन पाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को लेकर दोनों देशों में मतभेद थे। इसके बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ऐलान किया कि वे बिना किसी समझौते के पाकिस्तान से लौट रहे हैं। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि दोनों देशों में दूसरे दौर की वार्ता जल्द हो सकती है।

Advertisement