ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के युद्ध का 10वां दिन, जानिए अब तक क्या-क्या हुआ
क्या है खबर?
अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान का तनाव सोमवार को 10वें दिन में पहुंच गया। इस बीच, ईरान ने अपने नए सर्वोच्च नेता का चुनाव कर लिया है और वैश्विक बाजार में तेल की कीमतें 9,224 रुपये (100 डॉलर) प्रति बैरल पहुंच गई है। 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के बाद ईरान में अब तक 2,500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। युद्ध के 10वें दिन भारत समेत पूरी दुनिया में क्या माहौल है? आइए, जानते हैं।
युद्ध
अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे बने नए सर्वोच्च नेता
अयातुल्लाह अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायल हमलों में मौत के बाद सोमवार तड़के उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया नेता चुना गया है। ईरान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) समेत प्रमुख सत्ता केंद्रों ने मोजतबा के समर्थन में तुरंत एकजुटता दिखाई है। IRGC ने एक बयान में कहा कि वह उनके प्रति पूरी तरह से आज्ञापालन करने और अपने बलिदान को तैयार है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोजतबा के चयन को अस्वीकार कर दिया है।
तनाव
खाड़ी देशों पर हमले जारी, स्कूल पर हमले की जांच
ईरान अपने पड़ोसी खाड़ी देशों पर हमला कर रहा है। उसका कुवैत, सऊदी अरब समेत कई देशों में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला जारी है, जबकि इजरायल लेबनान-ईरान पर हमले कर रहा है। खाड़ी देशों ने ड्रोन और रातभर हमलों की सूचना दी। बहरीन प्रशासन ने कहा कि आवासीय क्षेत्र पर ईरानी ड्रोन हमले में 32 लोग घायल हुए हैं। ईरान में एक स्कूल पर अमेरिकी हमले में 175 छात्राओं की मौत के बाद अमेरिकी सेना जांच कर रही है।
युद्ध
ईरान ने कहा- अभी युद्ध रुकने की कोई संभावना नहीं
ईरान ने सोमवार को नए सर्वोच्च नेता के प्रति निष्ठा की शपथ लेने के लिए राष्ट्रव्यापी सभा की घोषणा की है। एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने CNN को बताया कि संघर्ष के तत्काल समाप्त होने की कोई संभावना नहीं है, तेल-ईंधन डिपो पर इजरायल के हमलों ने युद्ध को नए चरण में धकेल दिया है। अधिकारी ने 30 तेल डिपो पर हमले के बाद जवाबी हमले की धमकी दी है, जिससे क्षेत्रीय तेल और गैस सुविधाओं में तनाव बढ़ेगा।
हमला
भारत और अमेरिका समेत तमाम देशों की अपने नागरिकों से अपील
अमेरिकी विदेश विभाग ने कुवैत और सऊदी अरब समेत कई तनावग्रस्त देशों में अपने गैर-आपातकालीन राजनयिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है। भारत ने भी खाड़ी देशों में अपने नागरिकों को सचेत किया है। अभी तक 67,000 नागरिकों को बचाया गया है, जबकि अन्य दूतावास के संपर्क में हैं। पश्चिमी एशिया में तनाव के बीच अभी 3 भारतीयों की मौत की खबर आई है, जबकि कई लापता हैं। अमेरिका ने अपने 7 सैनिकों को खोया है।
अर्थ
वैश्विक बाजार में उथल-पुथल
खाडी़ देशों में तनाव के बीच ईंधन की कीमतें बढ़ रही है, जिसने वैश्विक नेताओं को चिंता में डाल दिया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने पेट्रोल पंपों पर बढ़ती कीमतों को अल्पकालिक व्यवधान बताया है। अंतरराष्ट्री मुद्रा कोष (IMF) के प्रमुख ने वैश्विक मुद्रास्फीति के जोखिमों की चेतावनी दी है और नीति निर्माताओं को अकल्पनीय परिस्थितियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। दक्षिण कोरिया 30 वर्षों में पहली बार ईंधन सीमा लागू करेगा।
युद्ध
युद्ध के बीच भारत कहां खड़ा है?
पश्चिमी एशिया में तनाव के बीच भारत लगातार शांति की अपील कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर शांति के लिए अभी तक कई देशों के प्रमुखों से बात कर चुके हैं। भारत अपने जरूरत के ईंधन आपूर्ति का करीब 50 प्रतिशत खाड़ी देशों से पूरा करता है, ऐसे में उसका संकट गहरा रहा है। भारत ने हाल में रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की है। उसके पास 25 दिन का स्टॉक है।