पाकिस्तान: ईंधन बचाने के लिए स्कूल और दफ्तर बंद, अधिकारियों के वेतन में कटौती
क्या है खबर?
पश्चिमी एशिया में छिड़ी जंग के बीच कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे कई देशों में ईंधन संकट गहराने लगा है। इस बीच, पाकिस्तान ने इससे उबरने के लिए कई उपाय लागू करना शुरू कर दिए हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार रात को सभी स्कूल 2 सप्ताह के लिए बंद करने की घोषणा की है। साथ ही, सरकारी कार्यालय हफ्ते में सिर्फ 4 दिन खुलेंगे। हालांकि, बैंकों में पहले की तरह काम जारी रहेगा।
घोषणा
उच्च शिक्षा ऑनलाइन होगी
शरीफ ने प्रेस को बताया, "ईंधन बचाने के लिए बैंकों को छोड़कर सरकारी कार्यालय सप्ताह में 4 दिन खुलेंगे। इस सप्ताह के अंत के बाद सभी स्कूल 2 सप्ताह के लिए बंद रहेंगे। ईंधन बचाने के लिए उच्च शिक्षा तुरंत ऑनलाइन शुरू हो जाएगी। आवश्यक सेवाओं के अलावा, सरकारी विभागों में 50 प्रतिशत कर्मचारी ईंधन बचाने के लिए घर से काम करेंगे। अगले दो महीनों में सरकारी विभागों को ईंधन आवंटन में 50 प्रतिशत की कटौती का सामना करना पड़ेगा।"
कटौती
अधिकारियों के वेतन में होगी कटौती
शरीफ ने सोमवार रात को राष्ट्र को संबोधित कर बताया कि सुबह संघीय और प्रांतीय सरकारों के साथ बैठक में ये उपाय लागू करने पर चर्चा हुई थी। उन्होंने बताया अगले दो महीनों तक सरकारी विभागों में 60 प्रतिशत वाहन बंद रहेंगे और संघीय मंत्रिमंडल अपना वेतन नहीं लेगा। सांसदों के वेतन में 25 प्रतिशत की कटौती होगी। जिन सरकारी अधिकारियों का वेतन 3 लाख रुपये से अधिक है, उनके 2 दिन के वेतन का उपयोग जनता के लिए होगा।
पांबदी
पाकिस्तान में ये पाबंदियां भी लागू
पाकिस्तान सरकार ने सरकारी विभागों के लिए वाहनों, फर्नीचर, एयर कंडीशनर और अन्य वस्तुओं की खरीद पर जून 2026 तक प्रतिबंध लगाया है। देश हित की यात्राओं को छोड़कर मंत्रियों, सलाहकारों और सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्रा प्रतिबंधित कर दी गई है। ईंधन बचाने के लिए टेलीकॉन्फ्रेंसिंग और ऑनलाइन मीटिंग को प्राथमिकता देने का आदेश है। आधिकारिक रात्रिभोज और इफ्तार पार्टियों पर प्रतिबंध है। सेमिनार और सम्मेलन होटलों के बजाय सरकारी परिसरों में आयोजित करने का आदेश है।
ट्विटर पोस्ट
पाकिस्तान में गहराया तेल संकट
#WATCH कराची, पाकिस्तान: पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच पाकिस्तान में ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं। रमजान के महीने में कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित किया है। pic.twitter.com/Q33BRefUQM
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 7, 2026
निंदा
खामेनेई की हत्या की निंदा की
अपने संबोधन के दौरान शरीफ ने ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों की भी निंदा की, जिसके परिणामस्वरूप सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या हुई है। साथ ही, उन्होंने सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्की, ओमान, कुवैत, बहरीन और अजरबैजान जैसे देशों पर ईरान के जवाबी हमलों की भी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सभी देशों से बात कर रहा है और शांति के लिए प्रयास कर रहा है।