LOADING...
ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत स्थगित की, लेबनान पर इजरायली हमलों के बाद उठाया कदम 
ईरान ने अमेरिका के साथ शांति वार्ता रोक दी है (फाइल तस्वीर)

ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत स्थगित की, लेबनान पर इजरायली हमलों के बाद उठाया कदम 

लेखन आबिद खान
Jun 01, 2026
08:02 pm

क्या है खबर?

ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही शांति वार्ता स्थगित कर दी है। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने ये जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान में लगातार जारी इजरायल के हमलों के चलते ईरान ने ये फैसला लिया है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि वार्ता तब तक स्थगित रहेगी, जब तक ईरान और उसकी छद्म सहयोगी ताकतों के रुख को ध्यान में नहीं रखा जाता।

रिपोर्ट

ईरान की शर्त- गाजा और लेबनान में तुरंत हमले रोके इजरायल

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने मध्यस्थों के जरिए अमेरिका के साथ सभी अप्रत्यक्ष वार्ता और संदेशों का आदान-प्रदान रोक दिया है। ईरान का दावा है कि लेबनान पर जारी इजरायली हमले युद्धविराम ढांचे का उल्लंघन है। ईरानी अधिकारियों ने शर्त रखी है कि जब तक इजरायल गाजा और लेबनान दोनों में अपने सैन्य अभियान नहीं रोकता, तब तक बातचीत निलंबित रहेगी। ईरान ने लेबनान के कब्जे वाले क्षेत्रों से इजरायल की वापसी की भी मांग की है।

धमकी

ईरान बोला- होर्मुज को पूरी तरह से बंद करेंगे

तस्नीम के अनुसार, ईरान ने यह भी कहा कि उसके व्यापक 'प्रतिरोध मोर्चा' के सहयोगियों ने इजरायल और उसके समर्थकों को दंडित करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से अवरुद्ध करने और बाब अल मंदेब जलडमरूमध्य सहित अन्य मोर्चों को सक्रिय करने का एजेंडा तय किया है। आज ही ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी थी कि लेबनान में किसी भी प्रकार की हिंसा को अमेरिका से जुड़े व्यापक युद्धविराम ढांचे का उल्लंघन माना जाएगा।

Advertisement