ट्रंप के 48 घंटे की समयसीमा पर ईरान बोला- बेबस होकर धमकी दी; जानें ताजा घटनाक्रम
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और समझौते के लिए ईरान को 48 घंटे की समयसीमा पर ईरान का जवाब आया है। ईरान ने इस अल्टीमेटम को ठुकराते हुए कहा कि ट्रंप बेबस और घबराकर धमकियां दे रहे हैं। ईरान ने ट्रंप को उन्हीं की भाषा में जवाब देते हुए कहा कि इस तरह की धमकियों का मतलब है कि "तुम्हारे लिए भी नरक के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।"
बयान
ईरान बोला- ट्रंप का धमकी बेबस, घबराई और मूर्खतापूर्ण
खतम अल-अंबिया मुख्यालय के एक वरिष्ठ कमांडर ने ट्रंप की टिप्पणियों को 'एक बेबस, घबराई हुई, असंतुलित और मूर्खतापूर्ण कार्रवाई' बताया। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान सैद्धांतिक रूप से मध्यस्थता के जरिए बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी समझौते से 'अवैध युद्ध' का अंत होना चाहिए। ईरान ने तनाव बढ़ने की चेतावनी देते हुए कहा कि हमले बढ़ने पर यह संघर्ष पूरे क्षेत्र में फैल सकता है।
हमला
ट्रंप का दावा- कई ईरानी सैन्य जनरल मारे गए
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि ईरान के कई शीर्ष सैन्य नेताओं को राजधानी तेहरान पर हुए बड़े हमले में मार गिराया गया है। उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें कथित तौर पर कई विस्फोट होते दिखाई दे रहे हैं। ट्रंप ने लिखा, 'ईरान के कई सैन्य नेता—जिन्होंने अपने देश का नेतृत्व बेहद खराब और नासमझी भरे ढंग से किया था—तेहरान में हुए जबरदस्त हमले के साथ अब खत्म हो चुके हैं! राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप।'
खाड़ी देश
खाड़ी देशों पर ईरान के हमले जारी
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली एक मिसाइल खतरे का जवाब दे रही है। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बताया कि उसके शुवैख तेल सेक्टर कॉम्प्लेक्स में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई है। कुवैत के बिजली और जल मंत्रालय ने बताया कि ईरानी ड्रोनों ने 2 बिजली और वाटर डिसेलीनेशन प्लांट को निशाना बनाया जिससे काफी नुकसान हुआ। ईरान ने इजरायल पर भी हमले किए हैं।
हूती
यमन के हूती विद्रोहियों ने किया इजरायल पर हमला
यमन के हूती विद्रोहियों ने भी इजरायल पर हमला किया है। हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा, "हमारी सेना ने, सर्वशक्तिमान ईश्वर की मदद से, एक क्लस्टर बैलिस्टिक मिसाइल और कई ड्रोन का इस्तेमाल कर 5वां सैन्य अभियान चलाया। इस अभियान में जाफा इलाके में स्थित लोद हवाई अड्डे के साथ-साथ, दक्षिणी कब्जे वाले फिलिस्तीन में मौजूद इजरायली दुश्मन के महत्वपूर्ण और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।"
विकिरण
ईरान ने रेडियोएक्टिव प्रदूषण फैलने की चेतावनी दी
ईरान ने कहा कि अमेरिका-इजरायल ने बुशेहर परमाणु संयंत्र पर 4 बार हमला किया है। ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर ईरान के बुनियादी ढांचे - जिसमें बुशेहर परमाणु संयंत्र भी शामिल है - पर अमेरिका और इजरायल के हमलों की निंदा की है। अराघची ने चेतावनी दी है कि ये हमले पूरे क्षेत्र को रेडियोधर्मी प्रदूषण के गंभीर जोखिम में डाल देते हैं, जिसके मानवीय और पर्यावरणीय परिणाम बेहद गंभीर हो सकते हैं।