LOADING...
ईरान ने अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को अपना सर्वोच्च नेता चुना
ईरान ने मोजतबा खामेनेई को अपना सर्वोच्च नेता चुना है

ईरान ने अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को अपना सर्वोच्च नेता चुना

लेखन गजेंद्र
संपादन भारत शर्मा
Mar 09, 2026
08:50 am

क्या है खबर?

ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच अपना सर्वोच्च नेता चुन लिया है। उसने हमले में मारे गए पूर्व नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा को उत्तराधिकारी चुना है। इसकी आधिकारिक घोषणा सुप्रीम नेता की विशेषज्ञों की बैठक के बाद अयातुल्लाह खामेनेई के आधिकारिक बयानों वाले एक्स अकाउंट पर की गई है। पोस्ट में एक तस्वीर भी है, जिसमें आईने के सामने दिवंगत अयातुल्लाह मोजतबा को ईरानी झंडा सौंपते नजर आ रहे हैं।

बयान

बैठक के बाद घोषणा

सर्वोच्च नेता के आधिकारिक अकाउंट ने एक्स पर लिखा, 'सर्वोच्च नेता की विशेषज्ञों की असेंबली...धार्मिक फर्ज और अल्लाह की मौजूदगी में होने के विश्वास के अनुसार, आज के खास सेशन में, एक्सपर्ट्स की असेंबली के सम्मानित प्रतिनिधियों के एकमत वोट के आधार पर, अयातुल्ला सैय्यद मोजतबा हुसैनी खामेनेई (अल्लाह उनकी रक्षा करे) को इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के पवित्र सिस्टम के तीसरे नेता के तौर पर नियुक्त करती है और उनका परिचय कराती है।'

धमकी

मोजतबा के चयन से भड़क सकता है ट्रंप का गुस्सा

मोजतबा को सर्वोच्च नेता चुने जाने से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का गुस्सा भड़क सकता है। उन्होंने पिछले दिनों एक साक्षात्कार में कहा था कि वह ईरान के नेता के चयन में शामिल होना चाहते हैं और इच्छा जताई थी कि उनकी मौजूदगी में ही वेनेजुएला की तरह ईरान के नेता का चयन हो। रविवार को भी ट्रंप ने कहा कि अगर नेता को वाशिंगटन की मंजूरी नहीं मिली, तो वे ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएंगे।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

मोजतबा की घोषणा

Advertisement

चयन

मोजतबा को क्यों चुना गया?

ईरान की सत्ताधारी विचारधारा वंश के आधार पर उत्तराधिकार के सिद्धांत को नापसंद करती है, लेकिन मोजतबा के पास कुलीन इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के भीतर एक शक्तिशाली समर्थक वर्ग है। बता दें कि खामेनेई ने ही IRGC की स्थापना की थी और खामेनेई का कार्यालय अभी भी प्रभावशाली है। मोजतबा की नई स्थिति उन्हें इस्लामी गणराज्य में राज्य के सभी मामलों में सर्वोच्च अधिकार प्रदान करती है।

पहचान

कौन हैं मोजतबा?

मोजतबा अयातुल्लाह के दूसरे और छोटे बेटे हैं। उनका जन्म 8 सितंबर, 1969, मशहद में हुआ था। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद धर्मशास्त्र का अध्ययन किया है। उसके बाद 1999 में उन्होंने मौलवी बनने के लिए कोम में पढ़ाई की। मोजतबा की पहचान एक धार्मिक और राजनीतिक व्यक्ति के रूप में है। वह सर्वोच्च नेता के कार्यालय में एक कमांडिंग ऑफिसर हैं। वे ईरान और इराक के बीच हुए युद्ध में भाग ले चुके हैं।

आरोप

मोजतबा पर लग चुका है सरकारी धन के गबन का आरोप

मोजतबा ने मदरसों में शिक्षा प्राप्त की है। वह 2005 और 2009 में ईरान चुनावों में महमूद अहमदीनेजाद के समर्थक थे। अहमदीनेजाद की जीत के बाद 2009 में ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों को सख्ती से कुचलने की वजह से वे पहली बार चर्चा में आए। अहमदीनेजाद के साथ रहते हुए उन पर सरकारी खजाने से धन के गबन का आरोप लगा। इसके बाद मोजतबा ने अहमदीनेजाद का साथ छोड़ दिया और अपने पिता के साथ काम करने लग गए।

Advertisement