मोजतबा खामेनेई के पास लंदन में है 2,500 करोड़ रुपये की संपत्ति, जानिए कितने हैं अमीर
क्या है खबर?
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई (86) की अमेरिकी-इजरायल हमले में मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई (56) को उनका उत्तराधिकारी चुना गया है। उनके नाम की घोषणा ऐसे समय पर की गई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उत्तराधिकारी के चयन में हस्तक्षेप करने की बात कर रहे थे। मोजतबा की संपत्ति को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा है कि लंदन में उनके पास 2,500 करोड़ रुपये की संपत्ति है। आइए, जानें वे कितने अमीर हैं।
संपत्ति
अनौपचारिक कंपनियों और बिचौलियों से खड़ा किया रियल एस्टेट साम्राज्य
अयातुल्लाह ईरान में शाह की सत्ता के खिलाफ लंबी लड़ाई के बाद 1989 में में सर्वोच्च नेता बने थे। इसके बाद से मोजतबा और उनके परिवार को ईरान में फैले अरबों डॉलर और व्यावसायिक संपत्तियों तक पहुंच प्राप्त हो गई। यह संपत्तियां राज्य के उद्योग और अन्य धन से वित्त पोषित थीं और कभी शाह के पास थीं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, मोजतबा ने अनौपचारिक कंपनियों और बिचौलियों से विभिन्न देशों में एक रियल एस्टेट साम्राज्य खड़ा किया है।
आय
कहां-कहां फैली है मोजतबा की संपत्ति?
रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा के पास लंदन के बिशप्स एवेन्यू पर स्थित 11 विला है, जिनकी कुल कीमत 1,223 करोड़ रुपये से अधिक है। उनके पास जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में 2 होटल और ओबरहाउसेन में एक शॉपिंग सेंटर भी है। स्पेन के मालोर्का द्वीप पर स्थित एक होटल भी उनके पास है। दुबई के कुलीन एमिरेट्स हिल्स जिले में स्थित एक विला, स्विट्जरलैंड, लिकटेंस्टीन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बैंक खाते हैं। हालांकि, कोई संपत्ति उनके नाम नहीं है।
लंदन
लंदन में बेशुमार संपत्ति
मोजतबा के पास लंदन में 615 करोड़ रुपये से अधिक की दो आलीशान संपत्तियां हैं। ये अपार्टमेंट पश्चिमी लंदन के केंसिंग्टन में हैं और इजरायली दूतावास के सामने हैं। मोजतबा छठी और सातवीं मंजिल के अपार्टमेंट के मालिक हैं। यहां भूतल पर सहायकों के क्वार्टर हैं। यह संपत्ति केंसिंग्टन पैलेस से कुछ ही दूर है, जहां वेल्स का शाही परिवार रहता है। मोजतबा 2014 से इन अपार्टमेंट के मालिक हैं। उत्तरी लंदन के हैम्पस्टेड में 11 आलीशान बंगले हैं।
संपत्ति
मोजतबा के नाम पर नहीं है संपत्ति
रिपोर्ट्स में खुलासा हुआ है कि विदेश में बनाई गई संपत्ति मोजतबा के नाम पर नहीं बल्कि अली अंसारी के नाम पर है, जो बिचौलिया है। उसने एक फर्जी कंपनी के जरिए संपत्तियों का अधिग्रहण किया है। उसे भ्रष्ट माना जाता है और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) को वित्तीय सहायता देता है। पश्चिमी खुफिया एजेंसी को शक है कि संपत्तियां मोजतबा की हैं। उनके सर्वोच्च नेता बनने से IRGC और अधिक ताकतवर हो सकती है।
पहचान
कौन हैं मोजतबा?
मोजतबा अयातुल्लाह के दूसरे और छोटे बेटे हैं। उनका जन्म 8 सितंबर, 1969, मशहद में हुआ था। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद धर्मशास्त्र का अध्ययन किया है। उसके बाद 1999 में उन्होंने मौलवी बनने के लिए कोम में पढ़ाई की। मोजतबा की पहचान एक धार्मिक और राजनीतिक व्यक्ति के रूप में है। वह सर्वोच्च नेता के कार्यालय में एक कमांडिंग ऑफिसर हैं। वे ईरान और इराक के बीच हुए युद्ध में भाग ले चुके हैं।