अबू धाबी में मिसाइल के मलबे से 2 की मौत, सऊदी ने 30 ड्रोन नाकाम किए
क्या है खबर?
अमेरिका के शांति प्रस्ताव के बाद भी पश्चिम एशिया में तनाव कम नहीं हुआ है। गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सऊदी समेत कई खाड़ी देशों पर ईरान ने मिसाइल-ड्रोन हमला जारी रखा। UAE की राजधानी अबू धाबी में स्वेहान स्ट्रीट पर मिसाइल का मलबा गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग घायल हैं। मलबा हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के बाद गिरा था। कई कारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
हमला
सऊदी अरब ने 30 ड्रोन हमलों को नाकाम किया
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को देश में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को मिसाइल और ड्रोन हमलों से सुरक्षित करने के लिए हवाई रक्षा प्रणालियों ने पूर्वी प्रांत के ऊपर 30 से अधिक ड्रोन को रोका और नष्ट कर दिया। UAE ने भी बयान में बताया कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली कई ड्रोन को रोकने में सफल हुए हैं। स्कूलों में लॉकडाउन करने की तैयारी है। कुवैत में भी अभी तक 2 ड्रोन रोके गए हैं।
हमला
इजरायल पर भी भीषण हमला
ईरान के सरकारी प्रेस टीवी ने बताया कि इजरायल के जवाबी मिसाइल हमले में उसके कब्जे वाले शहर बेत शेमेश में काफी नुकसान हुआ है। इस बीच, गुरुवार को इजरायली वायु रक्षा प्रणाली द्वारा ईरान से आ रही गोलीबारी को रोकने के प्रयास के दौरान यरुशलम के ऊपर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। तेल अवीव के पास, कफर कासिम में घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गईष विस्फोट से घर के अंदर मौजूद पांच लोग घायल हो गए हैं।