ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने पर दी चेतावनी, ईरान बोला- तेल के लिए तरसेंगे देश
क्या है खबर?
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ रहा है। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी है। ईरान ने खाड़ी देशों को निशाना बनाना शुरू किया है, जिससे तेल संकट गहराने की आशंका है। इस बीच, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी पर पलटवार किया है कि अगर तेहरान पर अमेरिकी-इजरायली हमले जारी रहे तो वह 'एक लीटर तेल' का निर्यात नहीं होने देगा। IRGC ने कहा कि अब युद्ध का अंत वे तय करेंगे।
चेतावनी
हम तय करेंगे युद्ध का अंत- IRGC
IRGC के एक प्रवक्ता ने ट्रंप की चेतावनी को बेतुका बताया और कहा कि अब अमेरिका-इजरायल के खिलाफ युद्ध का अंत वह तय करेगा। उसने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका और इजराइल के हमले जारी रहे तो तेहरान इस क्षेत्र से "एक लीटर तेल" का निर्यात भी नहीं होने देगा। प्रवक्ता ने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा सबके लिए होगी या किसी के लिए नहीं। उसने संकेत दिया कि तनाव खाड़ी के रास्ते तेल प्रवाह को प्रभावित कर सकता है।
चेतावनी
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर क्या कहा था?
ट्रंप ने वैश्विक स्तर पर तेल संकट गहराने और कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर ईरान को कड़ी चेतावनी है। उन्होंने वैश्विक तेल के पांचवें हिस्से की आपूर्ति संभालने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने को लेकर चेतावनी देते हुए ट्रुथ पर लिखा, 'अगर ईरान कुछ ऐसा करता है, जिससे होर्मुज स्ट्रेट में तेल का बहाव रुक जाता है, तो अमेरिका उन पर अब तक हुए हमलों से 20 गुना ज़्यादा ज़ोरदार हमला करेगा।'
बयान
ईरान का फिर खड़ा होना मुश्किल होगा- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा, 'हम ऐसे लक्ष्य को खत्म करेंगे, जिन्हें आसानी से खत्म किया जा सकता है, जिससे ईरान के लिए एक देश के तौर पर फिर से खड़ा होना नामुमकिन होगा। मौत, आग और गुस्सा उन पर राज करेगा, लेकिन मैं उम्मीद और प्रार्थना करता हूं, कि ऐसा न हो! यह अमेरिका की तरफ से चीन और उन सभी देशों के लिए एक तोहफ़ा है जो होर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल करते हैं। उम्मीद है, इसकी तारीफ की जाएगी।'
हमले
खाड़ी देशों पर भीषण हमले जारी
ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में पड़ोसी देशों के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर नए सिरे से हमले किए, जिनमें बहरीन में एक पेट्रोलियम परिसर भी शामिल है। बहरीन की विशाल अल मा'मीर तेल सुविधा पर हमला हुआ, जिससे आग लग गई और नुकसान हुआ। देश की सरकारी ऊर्जा कंपनी 'बापको' ने अप्रत्याशित घटना (फोर्स मेज्योर) घोषित किया है। सऊदी अरब के अल-खारज प्रांत के पास सऊदी वायु रक्षा ने 2 ड्रोन को मार गिराया है।