ईरान ने अमेरिका-इजरायल से बातचीत की इच्छा जताई, कहा- ऐसी हर पहल का स्वागत
क्या है खबर?
ईरान ने अमेरिका और इजरायल से बातचीत की इच्छा जताई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान ऐसी किसी भी पहल का स्वागत करेगा, जिससे युद्ध पूरी तरह खत्म हो सके। उन्होंने कहा कि हालांकि इसके लिए युद्ध खत्म करने की ठोस गारंटी मिलनी चाहिए। अराघची का यह बयान ऐसे समय आया है जब संघर्ष तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले तेज कर दिए हैं।
बयान
अराघची ने होर्मुज और नए सुप्रीम लीडर पर भी दी जानकारी
अराघची ने कहा, "हम उस क्षेत्रीय पहल का स्वागत करते हैं, जो युद्ध को न्यायपूर्ण तरीके से खत्म करे। हालांकि, अभी तक युद्ध खत्म करने के लिए कोई खास पहल सामने नहीं आई है।" वहीं, अराघची ने होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा, "यह रास्ता सबके लिए खुला है, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए नहीं।" अराघची ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर कहा कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
फ्रांस
अराघची ने देशों से की ये अपील
अराघची ने दूसरे देशों से अपील की कि वे ऐसे किसी भी कदम से बचें, जिससे संघर्ष और बढ़े। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो के साथ बातचीत के दौरान अराघची ने देशों से आग्रह किया कि वे किसी भी ऐसे कदम से परहेज करें, जिससे संघर्ष और बढ़ जाए या उसका दायरा फैल सकता है। अराघची की इस टिप्पणी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर सहयोगी देशों से अपील से जोड़कर देखा जा रहा है।