LOADING...
ईरान ने कर लिया नए सर्वोच्च नेता का चयन, नाम का नहीं किया गया खुलासा
ईरान में अयातुल्ला खामेनेई की जगह नए सर्वोच्च नेता का चयन कर लिया गया है

ईरान ने कर लिया नए सर्वोच्च नेता का चयन, नाम का नहीं किया गया खुलासा

Mar 08, 2026
04:34 pm

क्या है खबर?

ईरान ने अपने नए सर्वोच्च नेता का चयन कर लिया है। हालांकि, उनके नाम का खुलासा नहीं किया गया है। सर्वोच्च नेता के चयन के लिए जिम्मेदार विशेषज्ञों की सभा ने रविवार को इस पर अपना अंतिम फैसला ले लिया है। ऐसे में अब जल्द ही नए सर्वोच्च नेता के नाम की घोषणा की जाएगी। बता दें कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमला करने के कारण 28 फरवरी को दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई थी।

बयान

सभा के सदस्य ने जारी किया बयान

ईरान की ISNA समाचार एजेंसी के अनुसार, खुजेस्तान प्रांत का प्रतिनिधित्व करने वाले चयन निकाय के सदस्य मोहसेन हैदरी ने कहा, "विशेषज्ञों की सभा के बहुमत द्वारा अनुमोदित सबसे उपयुक्त उम्मीदवार का चयन कर लिया गया है।" एक अन्य सदस्य मोहम्मद मेहदी मीरबाघेरी ने ईरान की फार्स समाचार एजेंसी द्वारा प्रसारित एक वीडियो में कहा कि बहुमत के दृष्टिकोण को दर्शाते हुए एक ठोस निर्णय लिया गया है। जल्द ही नाम की घोषणा की जाएगी।

बयान

इमाम आलमोलहोदा ने क्या दिया बयान

मशहद में जुमे की नमाज पढ़ाने वाले नेता या इमाम आलमोलहोदा ने कहा कि विशेषज्ञों की समिति ने नए सर्वोच्च नेता के नाम पर पहले ही फैसला कर लिया है। ईरान के संविधान के अनुसार कोई भी शख्स, यहां तक कि असेंबली के सदस्य भी उस फैसले को बदलने का अधिकार नहीं रखते हैं। उन्होंने बताया कि अब यह मामला सभा के प्रमुख आयतोल्लाह होसैनी बुशेहरी के पास है और वो ही आधिकारिक तौर पर इस फैसले को सार्वजनिक करेंगे।

Advertisement

संभावना

मोजतबा खामेनेई को माना जा रहा है संभावित उम्मीदवार

रिपोर्ट्स के अनुसार, विशेषज्ञों की सभा ने अयातुल्ला के बेटे मोजतब खामेनेई को ही नया सर्वोच्च नेता चुना है। बता दें कि ईरान में सर्वोच्च नेता राजनीतिक और धार्मिक आधार पर सबसे ऊंचा होता है। उनकी सत्ता का व्यापक विस्तार है। वे सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ हैं। वे न्यायपालिका, राज्य मीडिया और क्रांतिकारी गार्ड सहित प्रमुख सैन्य निकायों के प्रमुखों की नियुक्ति करते हैं। रक्षा, विदेश नीति और व्यापक राष्ट्रीय दिशा से संबंधित मामलों में उनका अंतिम निर्णय होता है।

Advertisement