LOADING...
ईरानी हैकर्स ने 2000 अमेरिकी सैनिकों का डाटा चुराने का दावा किया, जांच शुरू
ईरान से जुड़े हैकरों ने हजारों अमेरिकी सैनिकों का निजी डाटा चुराने का दावा किया है

ईरानी हैकर्स ने 2000 अमेरिकी सैनिकों का डाटा चुराने का दावा किया, जांच शुरू

लेखन आबिद खान
Apr 29, 2026
03:22 pm

क्या है खबर?

ईरान से जुड़े हैकरों के एक समूह ने दावा किया है कि उसने हजारों अमेरिकी मरीन सैनिकों का निजी डाटा चुरा लिया है। कथित तौर पर ये सैनिक पश्चिम एशिया में तैनात हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी युद्ध विभाग इस लीक की जांच कर रहा है और शुरुआती जांच में पता चलता है कि लीक हुए डाटा में कुछ जानकारियां सही हैं। हैकरों के समूह का नाम हंजला बताया जा रहा है।

रिपोर्ट

कम से कम 2,379 सैनिकों का डाटा लीक हुआ

अमेरिकी अखबार ने दावा किया है कि समूह ने 2,000 से ज्यादा अमेरिकी मरीन सैनिकों की निजी जानकारी लीक की है। वहीं, अरब समाचार वेबसाइट Shafaq.com की एक रिपोर्ट में सटीक संख्या बताते हुए कहा गया कि हंजला नामक हैकर समूह ने पश्चिम एशिया में तैनात 2,379 अमेरिकी मरीन सैनिकों का निजी डाटा लीक किया है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि समूह ने क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों को धमकियां भी दी थीं।

धमकी

सैनिकों को मिली चेतावनी

रिपोर्ट के अनुसार, हैकरों ने सैनिकों के नाम और व्यक्तिगत विवरण एक टेलीग्राम चैनल पर अपलोड कर दिए और कहा कि उसने यह कदम अपनी निगरानी क्षमताओं के सबूत के तौर पर उठाया है। इसके बाद क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों को कथित तौर पर व्हाट्सएप के जरिए चेतावनी मिली थी कि उन पर नजर रखी जा रही है और उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं की जा सकी है।

Advertisement

अन्य जानकारी

हैकरों का दावा- हमारे पास और भी कई जानकारी

हैकरों ने यह भी दावा किया कि उनके पास अमेरिकी कर्मियों के बारे में और भी जानकारी है। इसमें उनके परिवार, घर के पते, उनकी दिनचर्या और दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी शामिल है। समूह ने धमकी दी कि बाद में और भी जानकारी सामने लाई जा सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद पेंटागन ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।

Advertisement

पिछली घटना

इजरायल के पूर्व सेना प्रमुख का मोबाइल भी हुआ था हैक

हाल ही में इसी समूह ने इजरायली सेना के पूर्व प्रमुख हर्जी हलेवी के फोन और अन्य डिवाइस को हैक कर लिया था। समूह ने दावा किया थआ कि उसने एक-दो दिन या महीनों नहीं, बल्कि कई सालों तक चुपचाप हलेवी के सिस्टम हैक रखा। इस दौरान उसने हजारों फोटो और वीडियो इकट्ठा किए। समूह ने ये भी कहा था कि उसे इजरायल की गुप्त बैठकों, सेना के ठिकानों और कई अहम अंदरूनी जानकारियां मिलती रही थीं।

Advertisement