अली लारीजानी की मौत के बाद ईरान ने मोहम्मद बगेर जोलघाद्र को सुरक्षा प्रमुख बनाया
क्या है खबर?
ईरान ने अमेरिका और इजरायल के साथ संघर्ष के बीच नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। उसने वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मोहम्मद बगेर जोलघाद्र को अली लारीजानी के स्थान पर अपनी सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (SNSC) का नया सचिव नियुक्त किया है। जोलघाद्र ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के पूर्व कमांडर रह चुके हैं और ईरान के सबसे शक्तिशाली सुरक्षा निकायों में से एक की कमान संभाली है।
जिम्मा
परमाणु और विदेश नीति समेत कई मुद्दों पर काम करती है SNSC
ईरान ने जोलघाद्र को ऐसे परिषद की जिम्मेदारी दी है, जो रक्षा, परमाणु और विदेश नीति संबंधी निर्णयों को आकार देने के लिए जिम्मेदार है। अली लारीजानी ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम की देखरेख की थी और विदेश नीति संबंधी निर्णयों को लेकर भी प्रमुख भूमिका निभाई थी। लारीजानी की अमेरिका और इजरायली हमले में मौत के बाद ईरान सुरक्षा परिषद में नेतृत्व संकट से जूझ रहा था।
मौत
17 मार्च को हुई थी मौत
इजरायली रक्षा मंत्री इजरालय काट्ज ने 17 मार्च को दावा किया कि हवाई हमलों में लारीजानी की मौत हो गई है। इसके बाद ईरानी सुरक्षा परिषद ने एक दिन बाद बयान में बताया कि लारीजानी की हत्या तेहरान के उत्तर-पूर्व में स्थित परदिस में तड़के हुई। उनके साथ बेटे मोर्तेजा लारीजानी, उनके सुरक्षा उप-प्रमुख अलीरेजा बायत और कई गार्ड भी मारे गए थे। हत्या से पहले लारीजानी ने इस्लामिक देशों को समर्थन के लिए एक्स पर संदेश लिखा था।