ईरान सीमा बंद होने से पाकिस्तान में बढ़ी महंगाई, 7,000 रुपये का हुआ LPG सिलेंडर
क्या है खबर?
पाकिस्तान और ईरान के बीच व्यापारिक संबंधों को बड़ा झटका लगा है। 17 अक्टूबर को गब्द-रिमदान और ताफ्तान नामक 2 मुख्य सीमा चौकियों को अचानक बंद कर दिया गया। पाकिस्तान की बलूचिस्तान सरकार ने इसे सुरक्षा कारणों और तस्करी रोकने का कदम बताया है, जबकि ईरान के विदेश मंत्रालय ने इसके पीछे तकनीकी दिक्कतों का हवाला दिया है। इस वजह से दोनों देशों के बीच सीमा पार व्यापार पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
महंगाई
आपूर्ति ठप होने से पाकिस्तान में बढ़ी महंगाई
पाकिस्तान अपनी गैस जरूरतों के लिए ईरान पर निर्भर है।
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अनुसार, देश में प्रतिदिन 7,000 मीट्रिक टन तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) ईरान से आयात होती है, जो पूरी तरह से रुक गई है।
इसके चलते स्कर्दू में 12 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत 8,200 रुपये, लाहौर में 7,500 और बलूचिस्तान में 7,000 रुपए पहुंच गई है।
आम उपभोक्ताओं को पहले 250 रुपया प्रति किलो मिलने वाली गैस के अब 500-600 रुपया चुकाने पड़ रहे हैं।
हालात
सीमाओं पर फंसे सैकड़ों ट्रक और फल-सब्जियां
इस अचानक बंदी के कारण सीमा के दोनों ओर LPG टैंकरों सहित सैकड़ों ट्रक फंसे हुए हैं।
इसके अलावा ईरान जाने वाले आलू, केले और चावल से लदे 1,000 से अधिक पाकिस्तानी कंटेनर भी जाम में फंसे हैं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है।
हालांकि, बुधवार को खराब होने वाली वस्तुओं के निर्यात के लिए गब्द-रिमदान सीमा को आंशिक रूप से खोला गया है, लेकिन LPG के आयात पर अभी भी प्रतिबंध जारी है।
प्रभाव
व्यापारिक और कूटनीतिक प्रभाव
क्विटा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने अपने व्यापारियों को अगले आदेश तक ईरान से कोई भी नया ऑर्डर न लेने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में दोनों देशों के बीच करीब 2.8 अरब डॉलर (26,580 करोड़ रुपये) का कुल व्यापार हुआ था।
इस सीमा संकट को सुलझाने के लिए पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने इसी सप्ताह तेहरान का दौरा कर ईरानी नेताओं से बातचीत की और व्यापार बहाल करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।