अमेरिका: 8 अरब रुपये के मेडिकेयर घोटाले में भारतीय मूल का शख्स भगोड़ा घोषित
क्या है खबर?
अमेरिका में फर्जी क्लेम के जरिए स्वास्थ्य बीमा योजना में कथित तौर पर 8 अरब रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसमें भारतीय मूल के एक व्यक्ति को भगोड़ा घोषित किया गया है। इस शख्स का नाम कदीर खान है। जांच एजेंसियों का कहना है कि कदीर ने टेक्सास स्थित अपनी प्रयोगशाला के जरिए मेडिकेयर के फर्जी क्लेम पेश किए। इन फर्जी क्लेम पर अमेरिकी सरकार ने करीब 6.22 अरब रुपये का भुगतान किया।
मामला
8.89 अरब रुपये के फर्जी क्लेम पेश करने के आरोप
अमेरिका के स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग के अनुसार, कदीर ने इस कथित धोखाधड़ी की साजिश के तहत 'अमेरिकन प्रीमियर' के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा योजना में करीब 8.89 अरब रुपये के फर्जी दावे प्रस्तुत किए, जिनके आधार पर कम से कम 6.22 अरब रुपये का भुगतान किया गया।
अकेले 2023 में महज 10 दिनों के भीतर मेडिकेयर ने संदिग्ध धोखाधड़ी वाले दावों के खिलाफ लगभग 1.24 अरब रुपये का भुगतान किया।
हैदराबाद
जांच एजेंसियों ने कहा- कदीर के हैदराबाद में होने का शक
विभाग ने कहा कि कदीर ने अगस्त 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच चिकित्सकों की जानकारी या सहमति के बिना उनकी व्यक्तिगत पहचान संबंधी सूचनाओं का कथित रूप से इस्तेमाल किया और ऐसे लाभार्थियों की आनुवंशिक जांच के लिए दावे पेश किए, जिनका उन चिकित्सकों से कोई संपर्क नहीं था।
अमेरिकी अधिकारियों ने कदीर को भगोड़ा घोषित कर दिया है और कहा है कि उनका मानना है कि वह हैदराबाद में हो सकता है।