Loading...
सऊदी अरब उमराह करने गए 4,000 भारतीय तीर्थयात्री उड़ानें रद्द होने से फंसे, वापसी की कोशिश
सऊदी अरब में उमराह करने गए 4,000 भारतीय तीर्थयात्री फंसे

सऊदी अरब उमराह करने गए 4,000 भारतीय तीर्थयात्री उड़ानें रद्द होने से फंसे, वापसी की कोशिश

लेखन गजेंद्र
Oct 23, 2026
11:02 am

क्या है खबर?

सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच चल रहे संघर्ष में भारतीय तीर्थ यात्रियों को लेकर नई चिंता सामने आई है, जो उमराह करने के लिए सऊदी गए थे। भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि वह सऊदी अरब में फंसे भारतीय तीर्थ यात्रियों की जल्द वापसी के लिए टूर ऑपरेटर और एयरलाइंस के संपर्क में है । मंत्रालय ने यह बयान लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा चिंता जताए जाने के बाद दिया है।

चिंता

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा कि रियाद में हमारा दूतावास और जेद्दा में हमारा वाणिज्य दूतावास प्रभावित तीर्थयात्रियों की जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एयरलाइनों और टूर ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले एक हफ्ते में, सऊदी अरब में फंसे लगभग 3,000 उमराह तीर्थयात्री और पहले से बुकिंग वाले 10,000 से अधिक अन्य उमराह तीर्थयात्री भारत लौट आए हैं।

शेष तीर्थयात्रियों की जल्द वापसी के इंतजाम किए गए हैं।

बयान

मंत्रालय ने संपर्क नंबर जारी किया

प्रवक्ता ने बताया कि दूतावास और वाणिज्य दूतावास, सामुदायिक स्वयंसेवकों की मदद से हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। भारतीय नागरिकों की मदद के लिए 24×7 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और नियमित रूप से जरूरी सलाह जारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि तीर्थ यात्री जानकारी के लिए +966-554412016, +966-542126784 टोल-फ्री नंबर 8002471234 (केवल सऊदी अरब के भीतर से कॉल के लिए), व्हाट्सएप +966-536216082, +966-536209704 (केवल संदेश के लिए) और +966-12-2614093, +966-556122301 पर संपर्क कर सकते हैं।

ADVERTISEMENT

चिंता

ओवैसी ने क्या कहा था?

अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख ओवैसी ने एक्स पर लिखा, 'भारत से गए 4,000 तीर्थयात्री मक्का-मदीना में फंसे हैं। ये लोग इंडिगो, अकासा एयर, एयर इंडिया से गए थे, लेकिन इन एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को इन एयरलाइंस को उड़ानें संचालित करने या विशेष उड़ानों की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि सभी वापस आ सकें। तीर्थयात्रियों को उनके ट्रैवल एजेंटों ने मझधार में छोड़ दिया है। फंसे तीर्थयात्रियों को मदद दी जाए।'

ADVERTISEMENT