डोनाल्ड ट्रंप ने आइसलैंड के नक्शे पर लगाया अमेरिका का झंडा, अमेरिकी राजदूत तलब
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आए दिन अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में रहते हैं। अब हालिया विवाद उनके द्वारा साझा की गई एक तस्वीर को लेकर है, जिसमें उन्होंने आइसलैंड समेत मध्य अमेरिका और कई कैरेबियाई देशों के नक्शे पर अमेरिका का झंडा लगा दिया था। इस तस्वीर पर आइसलैंड ने आपत्ति जताई है और अमेरिकी राजदूत को तलब किया है। आइसलैंड की विदेश मंत्री थोर्नेडुर गुन्नार्सडॉटिर ने इसकी पुष्टि की है।
बयान
आइसलैंड बोला- पोस्ट पूरी तरह से अनुचित
आइसलैंड की विदेश मंत्री गुन्नार्सडॉटिर ने आइसलैंड में अमेरिकी राजदूत बिली लॉन्ग को तलब किया, जिन्होंने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है।
आइसलैंड के विदेश मंत्रालय ने देश के RUV टेलीविजन को बताया, "आइसलैंड ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह पोस्ट पूरी तरह से अनुचित है।"
हालांकि, अमेरिकी विदेश विभाग, कोपेनहेगन और रेक्जाविक (आइसलैंड) में स्थित अमेरिकी दूतावासों और नुउक (ग्रीनलैंड) में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
आइसलैंड
ट्रंप के कब्जे की चाहत ने बढ़ाई चिंताएं
आइसलैंड यूरोप में स्थित एक द्वीप देश है, जिसकी आबादी लगभग 4 लाख है।
हाल ही में ट्रंप की ग्रीनलैंड को कब्जे में लेने की महत्वाकांक्षा ने कई अन्य देशों में चिंताएं बढ़ा दी हैं।
पिछले महीने हुए जनमत संग्रह में आइसलैंड ने यूरोपीय संघ (EU) में शामिल होने के लिए बातचीत फिर से शुरू करने के खिलाफ मतदान किया है। वार्ता शुरू करने के समर्थकों ने इसके पीछे अमेरिका की विश्वसनीयता का हवाला दिया है।