LOADING...
स्विट्जरलैंड में लापता हुआ हैदराबाद का दंपति, निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगने का है शक
स्विट्जरलैंड में लापता हुआ हैदराबाद का दंपति

स्विट्जरलैंड में लापता हुआ हैदराबाद का दंपति, निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगने का है शक

Jul 11, 2026
04:11 pm

क्या है खबर?

हैदराबाद के एक व्यवसायी और उनकी पत्नी स्विट्जरलैंड में लापता हो गए हैं। यह दंपति 3 सप्ताह पहले स्विट्जरलैंड में छुट्टियां मनाने गया था। दंपति की बेटी के पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच कर रही है कि निवेशकों से बड़ी रकम इकट्ठा करने के बाद यह दंपति देश छोड़कर फरार हुआ होगा। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खुलासा

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

पुलिस ने बताया कि लापता दंपति, व्यवसायी पब्बा चंद्रशेखर (51) और उनकी पत्नी स्वप्ना (42) हैं। दोनों 22 जून को स्विट्जरलैंड में छुट्टियां मनाने के लिए रवाना हुए थे। शुरुआत में वे रिश्तेदारों के संपर्क में थे, लेकिन 8 जुलाई के बाद उनका संपर्क टूट गया। दोनों के मोबाइल फोन या तो बंद थे या नेटवर्क कवरेज क्षेत्र से बाहर थे। पुलिस ने बताया कि उनकी बेटी श्रेया (23) ने शुक्रवार को पुलिस को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दी है।

जांच

दंपति के लोगों से 50 करोड़ रुपये एकत्र करने का खुलासा

पुलिस ने बताया कि दंपति के यात्रा कार्यक्रम, आव्रजन रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की पुष्टि से उनके सटीक ठिकाने का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस उन आरोपों की भी जांच कर रही है कि चंद्रशेखर और उनकी पत्नी ने पिछले वर्षों में 60 से अधिक लोगों से आकर्षक रिटर्न का वादा करके और विभिन्न व्यक्तिगत और व्यावसायिक जरूरतों का हवाला देकर लगभग 50 करोड़ रुपये एकत्र किए। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं है।

Advertisement