
नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने गोली मारकर और जलाकर की 100 लोगों की हत्या
क्या है खबर?
अफ्रीकी देश नाइजीरिया के एक गांव में बंदूकधारियों ने भयावह हमले करते हुए 100 से ज्यादा लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी है।
बंदूकधारियों ने बेन्यू राज्य के येलेवाटा गांव में इस घटना को अंजाम दिया है। एमनेस्टी इंटरनेशनल नाइजीरिया ने इसकी पुष्टि की है।
शुक्रवार देर रात गांव में पहुंचे बंदूकधारी शनिवार सुबह तक लोगों को ढूंढ-ढूंढकर उनकी हत्या करते रहे। इससे पूरा गांव किसी खुले कब्रिस्तान में बदल गया, जहां चारों ओर लाशें बिखरी थीं।
हालात
घायलों को नहीं मिल पा रहा उचित उपचार
फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, येलेवाटा में हुए इस भीषण हमले के बाद कई लोग लापता हैं। उनके या तो बच निकलने या फिर अपहरण किए जाने की आशंका है। वहीं दर्जनों लोग घायल हैं। इनको उचित चिकित्सा देखभाल भी नहीं मिल पा रही है।
बेन्यू राज्य में हालिया समय में इस तरह के नरसंहार के मामले लगातार देखे गए हैं। मुस्लिम और ईसाई आबादी वाले देश नाइजीरिया में बढ़ते हमलों को लेकर एमनेस्टी इंटरनेशनल ने चिंता जताई है।
बर्बरता
लोगों को घरों में बंद कर जलाया गया
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कहा है, 'हमलावरों ने कई परिवारों को उनके घरों में बंद कर जिंदा जला दिया। ये जुल्म की इंतहा है। हम बेन्यू राज्य में हमलों के खतरनाक बढ़ने का दस्तावेजीकरण कर रहे हैं, जहां बंदूकधारी बिना किसी डर के लोगों को मार रहे हैं।'
उसने कहा, 'ये हमले बड़े पैमाने पर विस्थापन का कारण बन रहे हैं। इस तरह की हिंसा से वहां की खाद्य सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है क्योंकि ज्यादातर पीड़ित किसान हैं।'
कारण
किसानों और चरवाहों के बीच झड़प है कारण
नाइजीरिया का बेन्यू राज्य देश के मध्य में है। इस क्षेत्र में लंबे समय से हरीभरी जमीन की तलाश करने वाले चरवाहों और खेती करने वाले किसानों के बीच हिंसा होती रहती है।
भूमि के विवाद अक्सर बढ़ते हुए जातीय और धार्मिक तनाव का कारण बन जाते हैं।
इन हमलों के लिए अधिकतर फुलानी चरवाहों को दोषी ठहराया जाता है। ये पारंपरिक खेती वाले इलाकों में मवेशियों को चरवाते हैं। किसान इनपर खेतों को नष्ट करने का आरोप लगाते हैं।
परेशानी
सरकार के प्रयास भी हुए विफल
इस क्षेत्र में पिछले महीने भी संदिग्ध चरवाहों ने ग्वेर पश्चिम जिले में कम से कम 42 लोगों की हत्या कर दी थी।
SBM इंटेलिजेंस के अनुसार, 2019 से इस तरह की झड़पों में 500 से अधिक लोग मारे गए हैं और करीब 22 लाख लोग अपने घरों से भागने को मजबूर हुए हैं।
नाइजीरियाई सरकार ने बेन्यू राज्य में शांति स्थापित करने के लिए कई प्रयास किए हैं, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली है।