फ्रांस के पेरिस में कार सवार ने 3 अलग-अलग जगह गोलीबारी की, एक की मौत
क्या है खबर?
फ्रांस की राजधानी पेरिस के यवेलिन्स में शुक्रवार को कार सवार ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हुए हैं। यवेलिन्स में ट्रैप्स शहर के मेयर अली राबेह ने बताया कि एक आदमी अपनी कार से ऐसे गोली चला रहा था, जैसे वह बिना किसी तैयारी के आया था और उसका इरादा नरसंहार करने का था। आरोपी कार सवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गोलीबारी
3 अलग-अलग जगहों पर ऑटोमैटिक हथियार से हमला
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने सोशल मीडिया पर घटना को बहुत गंभीर बताया और कहा कि आरोपी को पकड़ लिया गया है और पुलिस हिरासत में है।
गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि गोलीबारी की घटनाएं ट्रैप्स और ला वेरिएरे शहरों में 3 अलग-अलग जगहों पर हुईं हैं, जिससे दहशत फैल गई। आरोपी के पास ऑटोमैटिक हथियार था।
घायलों में एक 12 साल की लड़की है। हमलावर पास के शहर में रहता था।
जांच
आतंकी हमला मानकर जांच शुरू
नुनेज ने कहा कि हमलावर ने मिलिट्री-ग्रेड हथियार, या कम से कम एक ऑटोमैटिक हथियार का इस्तेमाल किया।
उन्होंने बताया कि हमले का मकसद साफ नहीं है, लेकिन एंटी-टेररिज्म प्रॉसिक्यूटर ऑफिस देख रहा है कि हमला नस्ल या धर्म से प्रभावित था या नहीं।
गोलीबारी में मारे गए व्यक्ति और एक घायल व्यक्ति की पहचान अफ्रीकी मूल के रूप में हुई है। हमलावर की पहचान और उसके उम्र को लेकर कोई खुलासा नहीं किया गया है।