Page Loader
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित

Mar 31, 2025
07:51 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों को देखते हुए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। 72 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री को पाकिस्तान वर्ल्ड अलायंस (PWA) के सदस्यों द्वारा नामित किया गया था, जो पिछले दिसंबर में स्थापित एक वकालत समूह है और नॉर्वे की राजनीतिक पार्टी पार्टी सेंट्रम से भी संबंधित है। बता दें कि इमरान पिछले काफी समय से जेल में बंद चल रहे हैं।

बयान

पार्टी सेंट्रम ने क्या दिया बयान?

पार्टी सेंट्रम ने रविवार को एक्स पर लिखा, 'हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि नामांकन के अधिकार वाले किसी व्यक्ति के साथ गठबंधन में, हमने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को पाकिस्तान में मानवाधिकारों और लोकतंत्र के लिए उनके प्रयासों को देखते हुए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है।' इमरान को 2019 में भी दक्षिण एशिया में शांति को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।

जानकारी

नॉर्वेजियन नोबेल समिति करती है चयन

एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, नॉर्वेजियन नोबेल समिति को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए हर साल सैकड़ों नामांकन प्राप्त होते हैं, जिसके बाद समिति 8 महीने में उन नामांकनों की जांच करती है। उसके बाद ही विजेता का चयन किया जाता है।

जेल

अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं इमरान

बता दें कि इमरान पाकिस्तान की मुख्य विपक्षी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक भी हैं। उन्हें अगस्त 2023 से जेल में रखा गया है। इस जनवरी में खान को पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में 14 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद खान ने सत्ता खो दी थी। हालांकि, उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है और उन्हें राजनीति से प्रेरित बताया है।