Page Loader
फ्रांस: बम की धमकी मिलने के बाद एफिल टावर खाली कराया गया, पुलिस मौके पर पहुंची
पेरिस स्थित एफिल टावर को खाली कराया गया (तस्वीर: अनस्प्लैश)

फ्रांस: बम की धमकी मिलने के बाद एफिल टावर खाली कराया गया, पुलिस मौके पर पहुंची

Aug 12, 2023
07:25 pm

क्या है खबर?

फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित एफिल टावर को बम की धमकी मिलने के बाद खाली करवा लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने तीन मंजिलों को खाली करवा लिया है और मौके पर बम निरोधक दस्ता और पुलिस के अधिकारी पहुंच गए हैं। खाली कराए गए इलाके में एक रेस्टोरेंट भी मौजूद है। एफिल टावर की देखरेख करने वाले एजेंसी ने कहा कि ऐसी स्थिति में यही प्रक्रिया अपनाई जाती है, लेकिन ऐसा होना दुर्लभ है।

पुराने मामले

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां 

सितंबर, 2020 में भी एफिल टावर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद एहतियातन यहां से लोगों को हटा दिया गया था। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने टावर वाली जगह को सील कर दिया था और आवाजाही को रोक दिया था। इससे पहले भी ऐसे कई मौके आए हैं, जब दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करने वाले इस पर्यटन स्थल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

महत्व

सबसे ज्यादा देखे जाने वाले पर्यटन स्थलों में शामिल है टावर

बता दें कि एफिल टावर दुनिया में सबसे अधिक देखा जाने वाला पर्यटक स्थल है। इसका निर्माण 1887 से 1889 के बीच किया गया था। यह लोहे से बना एक जलीनुमा वर्गाकार टावर है। इसका नाम टावर का डिजाइन और निर्माण करने वाली कंपनी के संचालक इंजीनियर गुस्ताव एफिल के नाम पर रखा गया है। इस टावर की ऊंचाई 330 मीटर (1,063 फीट) है। यह 41 सालों तक दुनिया का सबसे ऊंचा मानव निर्मित टावर रहा है।