LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन के दौरे पर रहेंगे, ईरान युद्ध एजेंडे में
डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन के दौरे पर रहेंगे (फाइल तस्वीर)

डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन के दौरे पर रहेंगे, ईरान युद्ध एजेंडे में

लेखन गजेंद्र
May 11, 2026
09:14 am

क्या है खबर?

ईरान के साथ युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते चीन के दौरे पर जाएंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। मंत्रालय ने बताया कि ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर 13 मई से 15 मई तक राजकीय यात्रा पर रहेंगे। ट्रंप को यह दौरा मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में यात्रा करनी थी, लेकिन ईरान युद्ध पर ध्यान केंद्रित करने के कारण उन्होंने यात्रा रद्द कर दी थी।

एजेंडा

ऐतिहासिक स्वर्ग मंदिर भी जाएंगे ट्रंप

अमेरिका में सत्ता में वापसी के बाद ट्रंप की यह पहली चीन की 2 दिवसीय यात्रा है, जो अमेरिका-चीन संबंधों के नाजुक दौर में हो रही है। इससे पहले दोनों वैश्विक नेताओं ने अक्टूबर 2025 में दक्षिण कोरिया में मुलाकात की थी। ट्रंप की यात्रा के दौरान उनका औपचारिक स्वागत समारोह होगा और शी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी। शी ने उनके लिए राजकीय भोज का आयोजन किया है। ट्रंप ऐतिहासिक स्वर्ग मंदिर 'तियानतान' का भ्रमण भी करेंगे।

एजेंडा

ईरान युद्ध मुख्य एजेंडे में शामिल

अमेरिका और चीन के बीच व्यापार शुल्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ताइवान और महत्वपूर्ण खनिजों को लेकर पहले से टकराव है, जिसको इस यात्रा के जरिए स्थिर करने की कोशिश रहेगी। यात्रा से पहले ही वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान ट्रंप के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल रहेगा। बता दें कि चीन, ईरानी तेल का एक प्रमुख ग्राहक है, खासकर उन स्वतंत्र 'टीपॉट' रिफाइनरियों से जो इस्लामी गणराज्य से रियायती कच्चे तेल पर निर्भर करती हैं।

Advertisement