डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध समाप्त करने के संकेत दिए, कहा- हम बहुत जल्द निकल जाएंगे
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वाशिंगटन अगले दो से तीन हफ्तों में ईरान के खिलाफ अपना सैन्य अभियान समाप्त कर सकता है। व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा, "हम बहुत जल्द निकल रहे हैं, वापसी दो सप्ताह के भीतर, शायद दो सप्ताह में, या शायद तीन सप्ताह में हो सकती है।" इससे पहले अमेरिकी अखबार ने ट्रंप प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के हवाले से बताया था कि ट्रंप युद्ध से निकलने का विचार कर रहे हैं।
बयान
अमेरिका को तेहरान के साथ राजनयिक समझौते की जरूरत नहीं
ट्रंप ने युद्ध समाप्त करने के लिए तेहरान के साथ किसी प्रकार के कूटनीतिक समझौते की जरूरत को भी खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, "ईरान को समझौता करने की कोई ज़रूरत नहीं है, नहीं। नहीं, उन्हें मेरे साथ भी समझौता करने की कोई जरूरत नहीं है।" उन्होंने कहा कि हम तब जाएंगे, जब ईरान को "पाषाण युग में धकेल दिया जाएगा" और उसके पास परमाणु हथियार विकसित करने की क्षमता पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
संबोधन
कल राष्ट्र को संबोधित करेंगे ट्रंप
ट्रंप के बयान के बाद व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि ट्रंप बुधवार रात 9 बजे (गुरुवार सुबह 6:30 बजे भारतीय समयानुसार) राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस दौरान ट्रंप ईरान के मुद्दे पर महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। हालांकि, इस संबंध में अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें, वाशिंगटन पहले ही चेतावनी दे चुका है कि अगर तेहरान अमेरिका के 15 सूत्री युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करता है तो सैन्य अभियान तेज हो सकते हैं।
नाराजगी
ट्रंप अपने सहयोगियों से नाराज
ट्रंप ईरान के खिलाफ युद्ध में अपने सहयोगी यूरोपीय देशों से खासा नाराज हैं। मंगलवार को उन्होंने ब्रिटेन को साफतौर पर विमान तेल के मामले में मदद करने से इनकार कर दिया। ट्रंप ने कहा कि ब्रिटेन या तो अमेरिका से तेल खरीदे या फिर होर्मुज जलडमरूमध्य से जाकर खुद से तेल जुटाए। ट्रंप ने फ्रांस को भी हथियारों से लदे सैन्य विमान को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश न करने देने पर नाराजगी जताई और कहा ये याद रहेगा।