भारत-चीन सीमा विवाद पर बोले ट्रंप- दोनों देशों से बात कर रहा अमेरिका
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि मौजूदा सीमा विवाद को सुलझाने के लिए अमेरिका भारत और चीन दोनों से बात कर रहा है। उऩ्होंने कहा कि स्थिति काफी कठिन है और अमेरिका इसे सुलझाने में उनकी मदद करेगा।
गलवान घाटी में झड़प के बाद ये ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया है। बता दें कि ट्रंप इससे पहले सीमा पर तनाव की शुरूआत के समय भारत और चीन के बीच मध्यस्थता करने का प्रस्ताव भी रख चुके हैं।
बयान
क्या बोले ट्रंप?
कोरोना वायरस संकट में अपनी पहली चुनावी रैली के लिए ओक्लाहोमा रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "यह बहुत मुश्किल स्थिति है। हम भारत से बात कर रहे हैं, हम चीन से बात कर रहे हैं। उनके बीच वहां बड़ी समस्या हो गई है... उनके बीच झड़प हो रही है। हम देखेंगे कि क्या कर सकते हैं। हम कोशिश करेंगे और इससे बाहर निकलने में उनकी मदद करेंगे।"
बयान
भारत के समर्थन में अमेरिका, कहा- चीन पैदा कर रहा तनाव
बता दें कि 15 जून को गलवान घाटी में झड़प के बाद से ट्रंप प्रशासन भारत के समर्थन में खड़ा है और उसका कहना है कि चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी चारों तरफ 'दुष्टता' भरा व्यवहार कर रही है।
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने मामले पर कहा था, "चीनी सेना PLA ने दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले लोकतंत्र भारत के साथ तनाव को बढ़ा दिया है। वह दक्षिण चीन सागर का सैन्यीकरण भी कर रहा है।"
मध्यस्थता
मई के आखिरी हफ्ते में की थी मध्यस्थता की पेशकश
ट्रंप इससे पहले मई के आखिरी हफ्ते में भारत-चीन सीमा विवाद में मध्यस्थता की पेशकश भी कर चुके हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था 'हमने भारत और चीन को बताया है कि अमेरिका दोनों के बीच उबलते सीमा विवाद में मध्यस्थता करने या फैसला करने के लिए तैयार है, इच्छुक है और योग्य भी है।'
अगले दिन उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने का दावा भी किया था और कहा था कि मोदी अच्छे मूड में नहीं हैं।
जानकारी
अमेरिका के नजदीक आएगा भारत- विशेषज्ञ
अमेरिकी रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि चीन का ये आक्रामक व्यवहार भारत को अमेरिका के नजदीक लाएगा। उनके अनुसार, भारत के रणनीतिकार चीन की आक्रामकता को सबसे बड़ी चुनौती के तौर पर देखते हैं और इसका परिणाम अमेरिकी की तरफ झुकाव में हुआ है।
तनाव
चार जगहों पर आमने-सामने हैं भारत और चीन के सैनिक
बता दें कि पिछले महीने चीन ने भारत के साथ लगती विवादित सीमा पर अचानक से आक्रामक रुख अपनाने हुए सैनिकों की संख्या बढ़ा दी थी और विवादित जगह पर कब्जे की कोशिश की थी। अभी दोनों देशों की सेनाएं चार जगहों पर आमने-सामने हैं।
इन्हीं जगहों में शामिल गलवान घाटी में 15 जून को दोनों देशों के सैनिकों में हिंसक झड़प हो गई थी जिसमें भारत के 20 सैनिकों शहीद हो गए थे।