ट्रंप ने अमेरिकी युद्धविराम प्रस्ताव पर ईरानी प्रतिक्रिया को खारिज किया, कहा- बिल्कुल अस्वीकार्य
क्या है खबर?
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को कम करने के लिए अमेरिकी युद्धविराम प्रस्ताव पर ईरान ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है, जिससे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाराज हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में ईरान के रुख को 'पूरी तरह अस्वीकार्य' बताते हुए लिखा कि उन्हें ईरानी प्रतिनिधियों का जवाब पसंद नहीं आया। अमेरिका के प्रस्ताव पर ईरान की सकारात्मक प्रतिक्रिया न मिलने से शांति वार्ता को एक बार फिर झटका लगा है।
प्रतिक्रिया
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित प्रतिनिधियों का जवाब पढ़ा है। मुझे यह पसंद नहीं आया— यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।' हालांकि, राष्ट्रपति ने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है। बता दें कि अमेरिका ने शांति वार्ता को फिर से शुरू करने और 10 सप्ताह से चल रहे उस संघर्ष को कम करने के लिए यह प्रस्ताव रखा था। माना जा रहा है कि प्रस्ताव में ईरान की कई प्रमुख मांगे नहीं थी।
शर्त
ईरान ने प्रस्ताव को आत्मसमर्पण के समान माना
ईरानी सरकारी टेलीविजन का कहना है कि तेहरान नेतृत्व ने नवीनतम अमेरिकी प्रस्ताव को आत्मसमर्पण के समान माना है। तेहरान ने प्रस्ताव में अमेरिका द्वारा युद्ध क्षतिपूर्ति, होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की पूर्ण संप्रभुता, प्रतिबंधों की समाप्ति और जब्त की गई ईरानी संपत्तियों की रिहाई को शामिल करने पर जोर दिया है। रॉयटर्स के मुताबिक, प्रस्ताव में अमेरिका से नौसैनिक नाकाबंदी समाप्त करने और ईरानी तेल की बिक्री पर लगे प्रतिबंधों को हटाने का भी आह्वान किया गया है।
युद्ध
यूरेनियम भंडार को तीसरे देश स्थानांतरित करने का सुझाव
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम का कहना है कि तेहरान ने अमेरिका से गारंटी मांगी है कि आगे कोई और हमला नहीं होगा। रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी प्रस्ताव में ईरान के परमाणु कार्यक्रम सहित विवादास्पद मुद्दों पर व्यापक बातचीत शुरू होने से पहले लड़ाई समाप्त करने की मांग है। साथ ही, ईरान ने अपने अत्यधिक समृद्ध यूरेनियम भंडार के एक हिस्से को कम करने और शेष सामग्री को किसी तीसरे देश में स्थानांतरित करने का भी सुझाव दिया है।