ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध में अमेरिकी सेना को 10 में से 15 अंक दिए
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अमेरिकी सेना के प्रदर्शन को असाधारण रेटिंग दी और कहा कि उसने कम समय में तेज प्रगति हासिल की है। व्हाइट हाउस में एक गोलमेज सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने युद्ध में अमेरिकी सेना के प्रदर्शन को 10 में से "लगभग 15" अंक दिए। उन्होंने कहा कि ईरानी नेतृत्व के प्रमुख व्यक्तियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
बयान
क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने कहा, "सीधे शब्दों में कहें तो, ईरान के साथ युद्ध मोर्चे पर सब ठीक चल रहा है। किसी ने पूछा इसे 1 से 10 के पैमाने पर कितने अंक देंगे? मैंने कहा लगभग 15, मुझे लगता है कि अगर हमने यह पहले नहीं किया होता, तो वे (ईरान) इजरायल के साथ ऐसा कर चुके होते। हम मजबूत स्थिति में हैं। ईरानी नेतृत्व तेजी से खत्म हो रहा है। जो नेता बनना चाहता है, उसकी मौत हो जाती है।"
युद्ध
पांचवे दिन में प्रवेश कर गया युद्ध
राष्ट्रपति ट्रंप की ये टिप्पणियां ऐसे समय आईं जब युद्ध पांचवें दिन में प्रवेश कर चुका था, पश्चिम एशिया में नए विस्फोटों की खबरें आ रही हैं और अमेरिकी सेनाएं इजरायल के साथ संयुक्त हमले जारी रखे है। शनिवार 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध में अभी तक 1,097 ईरानी नागरिकों और सैनिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 5,000 से अधिक लोग घायल हैं। अमेरिका के केंद्रीय कमान ने बताया कि उसके 6 सैनिकों की मौत हुई है।