LOADING...
ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान युद्ध पर कहा- शहबाज ने बताया था कि 3.5 करोड़ लोग मारे जाते
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान युद्ध को लेकर नया दावा किया

ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान युद्ध पर कहा- शहबाज ने बताया था कि 3.5 करोड़ लोग मारे जाते

लेखन गजेंद्र
Feb 25, 2026
09:25 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध को रुकवाने का दावा किया है। वाशिंगटन डीसी में स्टेट ऑफ द यूनियन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अगर वह नहीं होते तो भारत-पाकिस्तान के युद्ध में करीब 3.5 करोड़ लोगों की जान जा सकती थी। उन्होंने बताया कि यह बात उनको पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बताई थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में 8 युद्ध रुकवाने का दावा दोहराया।

दावा

क्या बोले ट्रंप?

ट्रंप ने भाषण देते हुए कहा, "अपने पहले 10 महीनों में, मैंने आठ युद्धों को समाप्त किया...पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु युद्ध हो सकता था। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने मुझे बताया था कि अगर मैं नहीं होता तो 3.5 करोड़ लोगों की जान चली जाती।" ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने 10 महीन में भारत-पाकिस्तान के अलावा इजरायल-हमास, इजरायल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया, सर्बिया -कोसोवो, रवांडा-कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, आर्मेनिया-अजरबैजान और कंबोडिया और थाईलैंड के बीच के संघर्ष को रुकवाया है।

तारीफ

पिछले दिनों शांति बोर्ड की बैठक में शहबाज ने की थी ट्रंप की तारीफ

ट्रंप का यह दावा ऐसे समय पर आया है, जब पिछले दिनों वाशिंगटन डीसी में गाजा शांति बोर्ड की बैठक में शहबाज ने ट्रंप को 'दक्षिण एशिया का रक्षक' और 'शांति का मानव' कहा था। हालांकि, ट्रंप के स्टेट ऑफ द यूनियन के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर उनकी बात को अलग तरीके से समझा जा रहा है। कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने दावा किया कि ट्रंप पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के मारे जाने की बात कह रहे थे।

Advertisement