डोनाल्ड ट्रंप की सीधी धमकी, कहा- ओमान बीच में आया तो उसे बम से उड़ा देंगे
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे गंभीर सैन्य संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और बड़ा विवादित बयान दिया है। ट्रंप ने सोमवार को खाड़ी देश ओमान को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि वह होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका और ईरान के विवाद के बीच में आया, तो अमेरिका उस पर भीषण बमबारी करेगा। उनकी इस धमकी ने मध्य पूर्व में चल रहे तनाव को और बढ़ा दिया है।
बयान
ट्रंप ने क्या दिया बयान?
फॉक्स न्यूज के साथ बातचीत के दौरान जब राष्ट्रपति ट्रंप से होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और ओमान के बीच चल रही समानांतर बातचीत पर सवाल पूछा गया, तो वे भड़क गए।
उन्होंने बेहद सख्त भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, "अगर ओमान हमारे रास्ते में आता है, तो हम उन्हें जबरदस्त बमबारी करते हुए उड़ा देंगे।"
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को अब बिना शर्त आत्मसमर्पण का सफेद झंडा दिखा देना चाहिए।
पोस्ट
परमाणु हथियार किसी कीमत पर नहीं - ट्रंप
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक अलग पोस्ट में कहा कि अमेरिका का सर्वोच्च लक्ष्य यह सुनिश्चित करना होगा कि ईरान के पास परमाणु हथियार न हों।
उन्होंने लिखा, 'हमारा सबसे पहला लक्ष्य यह है और हमेशा रहेगा कि ईरान किसी भी रूप में, किसी भी आकार में, परमाणु हथियार हासिल न कर सके।'
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब ईरान के साथ चल रहे 60 दिनों के युद्धविराम की समय सीमा समाप्त होने वाली है।
परेशानी
ओमान और ईरान की बातचीत से क्यों भड़का अमेरिका?
दरअसल, पिछले कुछ हफ्तों से ईरानी राजनयिक ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं।
दोनों देशों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए होने वाले अंतरराष्ट्रीय जहाजों के आवागमन और शिपिंग को प्रबंधित करने के लिए एक अस्थायी व्यवस्था पर समझौता करने की कोशिश चल रही है।
चूंकि, होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति मार्गों में है, इसलिए अमेरिका इसे अपने नियंत्रण में रखना चाहता है और वह ईरान या ओमान के एकाधिकार के खिलाफ है।