LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप की नजरें अब क्यूबा पर, बोले- हमारे पास कई योजनाएं हैं
डोनाल्ड ट्रंप ने अब क्यूबा पर सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए हैं

डोनाल्ड ट्रंप की नजरें अब क्यूबा पर, बोले- हमारे पास कई योजनाएं हैं

लेखन आबिद खान
Jun 25, 2026
01:52 pm

क्या है खबर?

ईरान के साथ शांति वार्ता पर बातचीत के बीच ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नए मोर्चे पर हस्तक्षेप के संकेत दिए हैं। इस बार उन्होंने बिना नाम लिए क्यूबा पर हमले के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा, "हमारी सेना कितनी अच्छी है? ईरान को तो लगभग एक घंटे में ही हरा दिया। वेनेजुएला को भी हरा दिया गया। मुझे लगता है कि अभी हमें और भी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन हम उत्साहित नहीं होना चाहते।"

बयान

ट्रंप बोले- क्यूबा के पास अच्छी संपत्ति और सुंदर समुद्री तट

ट्रंप ने कहा, "अगर आप ईरान को देखें, तो वह बहुत लंबी यात्रा है। मैं उस क्षेत्र में कुछ बार हवाई यात्रा कर चुका हूं और इससे इसका कोई संबंध नहीं है, लेकिन आपको 18 घंटे की उड़ान भरनी पड़ती है। बहुत लंबा समय लगता है। वेनेजुएला अपेक्षाकृत पास है और क्यूबा बहुत दूर है। वेनेजुएला में तेल है, क्यूबा में नहीं है। क्यूबा के पास अच्छी संपत्ति है और उसका समुद्र तट भी सुंदर है।"

प्रतिबंध

ट्रंप ने हाल ही में क्यूबा की कंपनियों पर लगाए थे प्रतिबंध

इसी हफ्ते अमेरिका ने क्यूबा की 5 प्रमुख सरकारी कंपनियों और पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो की बहू पर प्रतिबंध लगाए थे। इनमें क्यूबा की सैन्य इकाई द्वारा संचालित कारोबारी समूह GAESA से जुड़ी 3 कंपनियां भी शामिल हैं। GAESA के पास क्यूबा की करीब 40 प्रतिशत GDP का नियंत्रण माना जाता है। अमेरिका का आरोप है कि क्यूबा की सरकार इन संसाधनों का इस्तेमाल जनता के कल्याण के बजाय अपने नियंत्रण को मजबूत कर दमन के लिए कर रही है।

Advertisement

पिछले बयान

ट्रंप ने पहले भी दिए क्यूबा पर कार्रवाई के संकेत

20 जून को ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा था कि भविष्य में क्यूबा में अमेरिकी अभियान चलाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और यह वेनेजुएला में हुई कार्रवाई की तरह हो सकता है। उन्होंने कहा था, "क्यूबा अमेरिका के काफी करीब है, इसलिए वहां की स्थिति अलग है। हमारी प्राथमिकता शांतिपूर्ण सत्ता परिवर्तन होगी, लेकिन जरूरत पड़ने पर सैन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।"

Advertisement

विवाद

क्यूबा-अमेरिका के बीच क्या है विवाद?

साल 1959 में कम्युनिस्ट फिदेल कास्त्रो ने क्यूबा में अमेरिका समर्थित सरकार को उखाड़ फेंका था। इसके बाद से अमेरिका और क्यूबा के बीच संबंध तनावपूर्ण रहे हैं। बराक ओबामा के कार्यकाल में संबंध कुछ हद तक सुधरे थे, लेकिन ट्रंप के कार्यकाल में वापस बिगड़ गए। ट्रंप ने दूसरी बार राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के फौरन बाद क्यूबा को 'आतंकवाद को प्रायोजित करने वाला देश' घोषित कर दिया था।

Advertisement