LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से वार्ता के लिए अमेरिकी अधिकारियों की पाकिस्तान यात्रा रोकी, जानिए कारण
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से वार्ता के लिए अमेरिकी अधिकारियों की पाकिस्तान यात्रा रोकी

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से वार्ता के लिए अमेरिकी अधिकारियों की पाकिस्तान यात्रा रोकी, जानिए कारण

Apr 25, 2026
10:38 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में दूसरे दौर की वार्ता की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी अधिकारियों से वार्ता के लिए पाकिस्तान जाने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को यात्रा न करने का आदेश दिया है। इस फैसले की जानकारी फॉक्स न्यूज की व्हाइट हाउस संवाददाता आइशा हसनी ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना की ठोस परिणाम की उम्मीद के यात्रा करना बेकार है।

आदेश

ट्रंप ने क्या दिया है आदेश?

आइशा हसनी से फोन पर बातचीत में ट्रंप ने कहा, 'मैंने अपने लोगों से कहा था कि नहीं, आप 18 घंटे की उड़ान भरकर वहां (पाकिस्तान) नहीं जाएंगे। हमारे पास सारे पत्ते हैं। वे (ईरान) जब चाहें हमें कॉल कर सकते हैं, लेकिन आप 18 घंटे की उड़ान भरकर वहां बैठकर बेकार की बातें करने नहीं जाएंगे।' यह घटनाक्रम ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद से रवाना होने के बाद हुआ है।

सवाल

क्या फिर से शुरू होगा युद्ध?

रिपोर्ट के अनुसार, जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या इस यात्रा को रद्द करने का मतलब युद्ध फिर से शुरू होना है, तो उन्होंने कहा, "नहीं। इसका यह मतलब नहीं है। हमने अभी तक इस बारे में सोचा भी नहीं है।" बता दें कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका और इजरायल के लिए अपनी मांगों की एक आधिकारिक सूची पाकिस्तान को सौंपी है। उनके इस्लामाबाद से रवाना होने से फिलहाल दूसरे दौर की वार्ता की संभावना खत्म हो गई है।

Advertisement

स्पष्ट

ईरान ने पहले ही कर दिया था वार्ता से इनकार

इससे पहले ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकई ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंचा है। उन्होंने कहा, 'विदेश मंत्री अराघची, पाकिस्तान के उन निरंतर मध्यस्थता प्रयासों के तहत वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे, जिनका उद्देश्य उस युद्ध को समाप्त करना है। ईरान और अमेरिका के बीच किसी भी बैठक की योजना नहीं है। ईरान की टिप्पणियां पाकिस्तान को पहुंचा दी जाएंगी।'

Advertisement