ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते की अंतिम शर्तें रखी, कहा- अब अंतिम निर्णय होगा
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह ईरान के साथ युद्धविराम के लिए प्रारंभिक समझौते पर अंतिम निर्णय लेने जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया ट्रुथ पर दोहराया कि ईरान को यह मानना होगा कि उसके पास कभी भी कोई परमाणु हथियार या बम नहीं होगा और होर्मुज जलडमरूमध्य खुला होना चाहिए। उन्होंने सभी बारूदी सुरंगों को हटाने पर जोर देते हुए कहा कि ईरान में परमाणु धूल को पूरी तरह से 'नष्ट' कर दिया जाएगा।
समझौता
ईरानी बंदरगाह से नाकाबंदी हटाई जाएगी- ट्रंप
ट्रंप ने लिखा, 'हमारे जबरदस्त और बेमिसाल नौसैनिक घेराबंदी के कारण जो जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में फंस गए थे, और अब यह घेराबंदी हटा ली जाएगी। वे अब घर वापसी की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं! वह संवर्धित सामग्री, जिसे परमाणु धूल भी कहा जाता है, जो जमीन के बहुत नीचे दबी हुई है, उसे अमेरिका द्वारा बाहर निकाला जाएगा।' ट्रंप ने लिखा कि चीन के साथ केवल अमेरिका ही दबे परमाणु धूल को बाहर निकाल सकता है।
सहमति
कम महत्व वाले कुछ अन्य मुद्दों पर सहमति बनी- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा, 'यह काम ईरान और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के साथ मिलकर और उनके पूर्ण सहयोग से किया जाएगा, और उस सामग्री को पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाएगा। अगली सूचना मिलने तक, इस मामले में किसी तरह के पैसे का लेन-देन नहीं होगा। कम महत्व वाले कुछ अन्य मुद्दों पर भी सहमति बन गई है। मैं अब सिचुएशन रूम में एक बैठक करने जा रहा हूं, ताकि मामले पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।'
अविश्वास
तेहरान ने जताया था अविश्वास, अब बनी बात
इससे पहले, अमेरिका के साथ शांति वार्ता में ईरान के शीर्ष नेता ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद-बगेर गालिबफ ने कहा था कि तेहरान केवल वाशिंगटन के कार्यों पर भरोसा करेगा, उसके शब्दों पर नहीं। ईरानी विदेश मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि अंतिम समझौता अमेरिका की अत्यधिक मांगों और विरोधाभासी रुख को समाप्त करने पर निर्भर है। अब संकेत मिल रहा है कि ईरान समझौते के करीब हैं और जल्द ही कोई निर्णय हो सकता है।