LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी से कमाए 13,000 करोड़ रुपये, बोले- कुछ गलत नहीं, सब कमा रहे
डोनाल्ड ट्रंप की पिछले साल की कमाई में क्रिप्टोकरेंसी का सबसे बड़ा हिस्सा रहा

डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी से कमाए 13,000 करोड़ रुपये, बोले- कुछ गलत नहीं, सब कमा रहे

लेखन आबिद खान
Jul 02, 2026
01:37 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कारोबार रियल एस्टेट से लेकर गोल्फ कोर्स और मीडिया क्षेत्र तक फैला हुआ है। हालांकि, बीते साल उन्होंने सबसे ज्यादा रुपये क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के जरिए कमाए हैं। ट्रंप की 2025 की अनिवार्य वित्तीय घोषणा से पता चलता है कि उन्होंने पिछले साल केवल क्रिप्टोकरेंसी से 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए, जो उनकी आय का सबसे बड़ा स्त्रोत बन गई है। इसके बाद सबसे ज्यादा आय उन्हें गोल्फ कोर्स से हुई है।

क्रिप्टोकरेंसी

क्रिप्टोकरेंसी में कहां-कहां से हुई ट्रंप की कमाई?

ट्रंप ने अपने 'ट्रंप मीम कॉइंस' की बिक्री से करीब 6,000 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह उनके राष्ट्रपति पद संभालने से कुछ दिन पहले लॉन्च किया गया था। हालांकि, इसकी कीमत में भारी गिरावट आई है। उन्होंने 'वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल' से भी 7,500 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। इस कंपनी की स्थापना उनके बेटों और उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के बच्चों ने की थी। पिछले साल उन्हें इससे करीब 544 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी।

गोल्फ कोर्स

गोल्फ कोर्स और रिजॉर्ट्स से कमाई दूसरे नंबर पर

2025 में ट्रंप को उनके गोल्फ कोर्स और रिजॉर्ट्स से करीब 4,700 करोड़ रुपये की कमाई हुई। ये पिछले साल से 15 प्रतिशत ज्यादा है। उन्होंने फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो रिजॉर्ट से ही 730 करोड़ रुपये कमाए हैं। न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर में स्थित गोल्फ क्लब से उन्होंने 362 करोड़ रुपये कमाए हैं। कुल मिलाकर, दुनिया भर में फैले 16 गोल्फ कोर्स और क्लबों से उन्हें 2025 में 4,700 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

Advertisement

बाइबिल

बाइबिल, घड़ियां और परफ्यूम बेचकर भी कमा रहे हैं ट्रंप

ट्रंप ने बाइबिल, गिटार और घड़ियां बेचकर भी करोड़ों रुपये कमाए हैं। 2025 में केवल घड़ियों से ही उन्हें 45 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। वहीं, बाइबिल की बिक्री से करीब 1.98 करोड़ रुपये, गिटार से 34 लाख रुपये और स्नीकर्स और परफ्यूम से 64 लाख रुपये की कमाई हुई है। उनकी किताब 'सेव अमेरिका' से 18 करोड़ रुपये, 'लेटर्स टू ट्रंप से 5.62 करोड़ रुपये और 'ए मागा जर्नी' से 5.25 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।

Advertisement

बयान

ट्रंप बोले- मैं नहीं करता फंड का प्रबंधन

ट्रंप ने अपनी क्रिप्टोकरेंसी से हुई कमाई को लेकर सवालों पर कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं इसलिए मुनाफा कमा रहा हूं क्योंकि शेयर बाजार ऊपर जा रहा है। हर कोई मुनाफा कमा रहा है। मेरी संपत्तियां ब्लाइंड ट्रस्ट में रखी गई हैं, इसलिए मैं अपने निजी निवेश या पैसों के प्रबंधन में शामिल नहीं रहता। मैंने राष्ट्रपति बनने से पहले ही काफी पैसा कमाया था।"

Advertisement