डोनाल्ड ट्रंप ने किया होर्मूज जलडमरूमध्य के जल्द खुलने का दावा, कहा- संयुक्त नियंत्रण होगा
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ऊर्जा सुविधाओं पर अगले 5 दिनों तक कोई हमला न करने का ऐलान करने के बाद अहम बयान दिया है। उन्होंने फ्लोरिडा में कहा कि अमेरिका की ईरान के साथ मजबूत बातचीत हुई है। अगर वह वादे पूरे करते हैं तो यह युद्ध समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि होर्मूज जलडमरूमध्य बहुत ही जल्द खुलने वाला और इस पर अमेरिका-ईरान का संयुक्त नियंत्रण होगा।
बयान
ट्रंप ने क्या दिया बयान?
ट्रंप ने कहा, "हमने ईरान के साथ बहुत मजबूत बातचीत की है। अगर वे अपने वादे पूरे करते हैं, तो संघर्ष समाप्त हो जाएगा। वे समझौता करना चाहते हैं, हम भी समझौता करना चाहते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "अमेरिका ईरानी शासन के शीर्ष व्यक्ति से बात कर रहा है, लेकिन वह सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से नहीं है। मुझे लगता है कि सबसे सम्मानित और नेता हैं। हमने सबको बीच से हटा दिया है। जल्द ही सार्थक परिणाम आएंगे।"
दावा
जल्द खुलेगा होर्मूज जलडमरूमध्य- ट्रंप
ट्रंप ने कहा, "जैसे ही कोई समझौता होगा तेल की कीमतें तेजी से गिर जाएंगी, जिससे पश्चिम एशिया में ईरान के साथ युद्ध रुक सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद फारस की खाड़ी में गतिरोध पैदा करने वाला मार्ग यानी होर्मुज जलडमरूमध्य बहुत जल्द खुल जाएगा।" जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के सवाल पर उन्होंने कहा, "इस पर संयुक्त नियंत्रण होगा। मेरा और अयातुल्ला का, चाहे जो भी अयातुल्ला हो या जो भी अगला अयातुल्ला हो।"
धमकी
ट्रंप ने समझौते के साथ धमकी भी दी
ट्रंप ने कहा, "ईरान परमाणु हथियार न रखने पर भी सहमत हो गया है। अगर ईरानी प्रशासन के साथ बातचीत अच्छी तरह से आगे बढ़ती है, तो हम इस मामले को सुलझा लेंगे, अन्यथा हम जमकर बमबारी करते रहेंगे।" इधर, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा, "अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता से ब्रिटेन अवगत है। इस संदर्भ में मैं अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत का स्वागत करता हूं। यह एक अच्छा कदम है।"
खारिज
ईरान ने बातचीत की खबरों को बताया फर्जी
ट्रंप के बयान के उलट ईरान ने बातचीत की खबरों को पूरी तरह से फर्जी करार दिया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गलिबफ ने एक्स पर लिखा, 'अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर करने और उस दलदल से बचने के लिए फर्जी खबरों का इस्तेमाल किया जा रहा है जिसमें अमेरिका और इजरायल फंसे हुए हैं। ईरानी जनता आक्रमणकारियों को पूर्ण और खेदजनक दंड देने की मांग करती है।'
ऐलान
ट्रंप ने हमले रोकने को लेकर क्या किया था ऐलान
इससे पहले ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा था, 'मुझे खुशी है कि पिछले 2 दिनों में अमेरिका-ईरान के बीच आपसी दुश्मनी को खत्म करने के संबंध में बहुत अच्छी-सार्थक बातचीत हुई। इन गहरी, विस्तृत और रचनात्मक बातचीत को देखते हुए मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया कि वे ईरान के ऊर्जा संयंत्र और ऊर्जा ढांचे पर 5 दिनों के लिए सभी हमले टाल दें। यह फैसला चल रही बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा।'