ट्रंप का दावा- इटालियन प्रधानमंत्री ने फोटो खींचवाने के लिए 'विनती' की, मेलोनी बोलीं- ये मनगढ़ंत
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने बयानों से कई बार अन्य देशों के प्रमुखों को असहज करते रहे हैं। अब उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर कुछ ऐसा कह दिया कि बवाल खड़ा हो गया है। ट्रंप ने दावा किया कि G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलानी ने उनके साथ फोटो खींचवाने के लिए विनती की थी। मेलोनी ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे 'पूरी तरह से मनगढ़ंत' बताया है।
ट्रंप का बयान
ट्रंप ने क्या कहा था?
एक इतालवी मीडिया आउटलेट के साथ फोन पर बात करते हुए ट्रंप ने दावा किया था कि मेलोनी ने उनके साथ एक तस्वीर लेने के लिए 'विनती' की थी। उन्होंने कहा, "शायद वो खुश है कि मैंने उससे बात की। मुझे उससे बात करने की जरूरत नहीं थी। उसने मुझसे तस्वीर खिंचवाने की गुहार लगाई। वो मेरे साथ तस्वीर खिंचवाना चाहती थी। मैं तस्वीर नहीं खिंचवाता, लेकिन मुझे उस पर दया आ गई।"
मेलानी का बयान
मेलानी बोलीं- मैं और इटली कभी विनती नहीं करते
मेलोनी ने कहा, "ट्रंप का बयान पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं, मैं सचमुच हैरान हूं। मुझे समझ नहीं आता कि अमेरिका के राष्ट्रपति अपने ही सहयोगियों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों करते हैं। यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ है। हालांकि, उन्हें एक बात याद रखनी चाहिए: मैं और इटली कभी भीख नहीं मांगते।" ट्रंप के बयान के विरोध में इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने अपना अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है।